Sendhva News: शादी में नाचने के दौरान विवाद- युवक की पीट पीट कर हत्या के बाद भड़की हिंसा, मकानों में आगजनी

20

Sendhva News: शादी में नाचने के दौरान विवाद- युवक की पीट पीट कर हत्या के बाद भड़की हिंसा, मकानों में आगजनी

बड़वानी: मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र में बारात में नाचने को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक की हत्या के बाद प्रतिक्रिया स्वरूप कुछ मकान में आग लगा दी गई। आग बुझाने आए फायर टेंडर पर भी पथराव किया गया।

IMG 20260501 WA0016

सेंधवा ग्रामीण थाना प्रभारी ओम प्रकाश चोंगडे ने बताया कि बुधवार को ग्राम पिपलिया डेब से एक बारात मालवन गई थी। वहां नाचने के दौरान बारातियों के बीच ही विवाद हो गया। शादी समारोह से लौटने के दौरान मिट्ठू जालम व अन्य कुछ लोगों ने ग्राम बाबदड ग्राम के पास मनोज उर्फ मन्ना को पकड़ लिया और घर नहीं जाने दिया।

IMG 20260501 WA0017

जब रात को वह नहीं लौटा तो उसकी तलाश आरंभ की गई। वह गंभीर हालत में गुरुवार को कोलखेड़ा फाटे पर सड़क किनारे मिला। उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उसके पूरे शरीर पर चोटों के कई निशान पाए गए जिससे प्रतीत होता है कि उसे बुरी तरह पीटा गया था।

घटना के बारे में पता चलते ही मनोज के परिजन आक्रोशित हो गए और उन्होंने आरोपियों के घरों, पशु बाड़े और अनाज रखने के स्थान पर में आग लगा दी। जब सेंधवा से फायर टेंडर वहां पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर भी पथराव कर दिया। इस बीच पुलिस ने स्थिति को संभाल कर नियंत्रित किया। एक घर पूरी तरह जल गया जबकि शेष स्थानों पर आगजनी पर भी काबू पाया गया

 

उन्होंने बताया कि हत्या के मामले में मिट्ठू जालम व दो अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। जबकि आगजनी के मामले में करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

सेंधवा के एसडीओपी अजय वाघमारे ने बताया कि एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ,और आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।