सिवनी नगर पालिका अध्यक्ष को हटाया, LED खरीदी, पार्किंग ठेका, मरम्मत में भ्रष्टाचार, अनियमितता के आरोप हुए प्रमाणित

395
घोटाले

सिवनी नगर पालिका अध्यक्ष को हटाया, LED खरीदी, पार्किंग ठेका, मरम्मत में भ्रष्टाचार, अनियमितता के आरोप हुए प्रमाणित

भोपाल: वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के चलते नगरीय विकास एवं आवास मंत्रालय ने सिवनी नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष शफीक खान को पद से पृथक कर दिया है। उनके स्थान पर वार्ड पांच के पार्षद ज्ञानचंद सनोडिया को अध्यक्ष के निर्वाचित होंने तक के लिए अध्यक्ष नगर पालिका सिवनी की शक्तियों और कर्त्तव्यों का निर्वहन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सिवनी में स्टेडियम परिसर और पीजी कॉलेज में नौ मीटर हाईमास्ट लाइट छह नग दो सौ वाट एलईडी फ्लड लाईट खरीदी के लिए ठेका आवंटन किया लेकिन सामग्री प्रदाय नहीं करने पर ठेकेदार के खिलाफ उन्होंने कोई कार्यवाही नहीं की। दुबारा निविदा हुई तो नौ माह बाद ही दो गुनी दर पर 2 लाख 98 हजार प्रति नग के हिसाब से अध्यक्ष ने स्वीकृति दे दी। इस सामग्री का गुणवत्ता परीक्षण भी नहीं कराया गया। इसमें ठेकेदार को अवांछित लाभ दिया गया। नोटिस मिलने पर अध्यक्ष शफीक खान इस बारे में कोई जवाब नहीं दे पाए कि दुगनी दरों पर खरीदी किस आधार पर की गई। आरोप सही पाए गए। इससे निकाय को हानि हुई है।

नगर पालिका के सामने बस स्टैंड कचहरी चौक तथा ट्रेचिंग ग्राउंड में चार नगर बारह मीटर हाईमास्ट, बारह नगर चार सौ वाट एलईडी खरीदी में पहले दस लाख की मंजूरी दी गई। लेकिन राय ट्रेडर्स को चार लाख 65 हजार प्रति नग के हिसाब से स्वीकृति दी गई। यह बाजार दर से ज्यादा थी लेकिन इसकी उपयुक्तता पर कोई विचार नहीं किया गया। इससे निकाय को दो लाख 60 हजार रुपए का नुकसान हुआ। इसमें पहली निविदा से कम अवधि में दूसरी निविदा बुलाकर नियमों का उल्लंघन किया गया और चहेते ठेकेदार को उपकृत किया गया। इसी तरह 90 नग 90 वाट एलईडी खरीदी में भी अनियमितता की गई। इसके अलावा फिनोकि पावडर खरीदी ब्लैक फिनाइल खरीदी, यूरिनल शौचालय खरीदी, स्ट्रीट लाईट मरम्मत वाहनों की मरम्मत तथा ईंधन पर खर्च में वित्तीय अनियमितता, बस स्टेंड के पार्किंग ठेकों की नीलामी में भ्रष्टाचार, दखल फीस वसूली ठेके में अनियमितता जैसे चौदह गंभीर अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप उन पर लगाए गए और जांच में अधिकांश प्रमाणित और कुछ आंशिक प्रमाणित पाए जाने के बाद उन्हें पद से हटाने का निर्णय लिया गया।