शामगढ़ पुलिस की कार्रवाई: 40 क्विंटल अवैध खैर की लकड़ी के साथ तस्कर गिरफ्तार

51

शामगढ़ पुलिस की कार्रवाई: 40 क्विंटल अवैध खैर की लकड़ी के साथ तस्कर गिरफ्तार

​मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट

मंदसौर। जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शामगढ़ पुलिस को एक सफलता हाथ लगी है। शामगढ़ पुलिस ने करीब 40 क्विंटल अवैध खैर की लकड़ी से भरे एक पिकअप वाहन को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

​घेराबंदी कर पकड़ा गया वाहन

​जानकारी के अनुसार, पुलिस शामगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रविन्द्र प्रताप डांगी की टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उज्जैन-गरौठ 4 लेन मार्ग से अवैध रूप से कीमती लकड़ी की तस्करी की जा रही है।

​सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने नाकाबंदी की और बोलेरो पिकअप (नंबर MP 12 GA 2146) को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में भारी मात्रा में खैर की लकड़ी भरी पाई गई, जिसके संबंध में चालक कोई वैध दस्तावेज या परमिट पेश नहीं कर सका।

पुलिस कार्यवाही में पता चला कि ​आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले भी दर्ज़ हुआ है।

​पकड़े गए आरोपी की पहचान अरबाज उर्फ अब्बू (21 वर्ष), निवासी अर्जुन नगर कॉलोनी, आगर (जिला आगर मालवा) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी आदतन अपराधी है और उस पर पूर्व में भी विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं:

​थाना डग (झालावाड़) में राजस्थान गोवंश अधिनियम के तहत मामला।
​थाना कोतवाली (आगर मालवा) में चोरी और विद्युत अधिनियम के तहत प्रकरण।
​अन्य धाराओं (294, 323 भादवि) में भी मामले दर्ज हैं।

​वन विभाग गरोठ वृत्त को सौंपी गई जप्त लकड़ी

​पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई पूरी करने के बाद जब्त लकड़ी और वाहन सहित आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए वन विभाग वृत्त गरौठ के सुपुर्द कर दिया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी रविन्द्र प्रताप डांगी, आरक्षक विशाल सिंह, आरक्षक चालक सुल्तान मोहम्मद एवं टीम की विशेष भूमिका रही।