Shot Dead : देवास में युवक की सरे आम गोली मारकर हत्या, लोगों ने शव रखकर चक्का जाम किया!

डेढ़ घंटे चक्का जाम किया, हत्या का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा

361

Shot Dead : देवास में युवक की सरे आम गोली मारकर हत्या, लोगों ने शव रखकर चक्का जाम किया!

Dewas : एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना जवाहर नगर चौराहे पर बुधवार दोपहर की है। मृतक का नाम कुणाल बैरागी है। वह संस्था राम-राम के सदस्य थे। इस घटना से नाराज लोगों ने आगरा-मुंबई हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। वे आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। युवक के दोस्त ने पुलिस को बताया कि तीन आरोपियों ने गाड़ी रुकवाई। उसके बाद पिस्टल से फायर कर भाग गए।

IMG 20240704 WA0002

घटना से नाराज संस्था के सदस्यों ने एमजी अस्पताल चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया था। इससे एबी रोड के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई। करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन चला। प्रशासन की समझाइश के बाद वे माने। इस दौरान वहां पुलिस बल तैनात रहा।

राम राम संस्था के संस्थापक शैलेंद्र सिंह पवार ने कहा कि हमने पहले ही पुलिस को जानकारी दे दी थी कि कुछ लोग इस प्रकार की प्लानिंग कर रहे हैं। लेकिन, पुलिस ने ध्यान नहीं दिया। पुलिस के मुताबिक पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या की आशंका है। एएसपी जयवीर भदोरिया ने बताया कि CCTV फुटेज देखे जा रहे हैं। परिजन आक्रोशित थे, उन्हें समझाया गया। जांच चल रही है। करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन चला जिसे प्रशासन ने समझाइश देकर मामला शांत कराया।

चार आरोपियों पर मामला दर्ज

संस्था राम-राम से जुड़े लोगों का कहना है कि मृतक के दो भाई हैं। वह लंबे समय से संस्था से जुड़ा था। गो सेवक होने के साथ ही वह टोल पर काम किया करता था। अधिकांश समय संस्था राम-राम के संस्थापक शैलेंद्र सिंह पवार के साथ ही रहता था। घटना के समय भी वह उनके साथ ही था। मामले में पवार का कहना है कि हमलावरों के निशाने पर मैं था। फरियादी आनंद मनसारे की रिपोर्ट पर पुलिस ने अमरेश प्रसाद, भावेश झाला, शिव रघुवंशी और कृष्ण पाल सिंह निवासी देवास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103, 3 (5) के तहत केस दर्ज किया है।