स्लिमनाबाद टनल हादसा : नौ में से सात मजदूरों को सुरक्षित निकाला, शेष दो के लिए बचाव कार्य जारी

925

भोपाल। कटनी जिले के स्लिमनाबाद क्षेत्र में बरगी परियोजना की सुरंग धंसने से हुए हादसे में लगातार दूसरे दिन भी आपदा मोचन बल की टीम द्वारा बचाव कार्य जारी रहा। अब तक कुल 9 में से 7 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाने की जानकारी है, जबकि बाकी दो मजदूरों को बचाने उनकी की तलाश की जा रही है।

अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा ने बताया है कि कटनी के स्लीमनाबाद में रेस्क्यू कार्य निरंतर जारी है। मोतीलाल कोल और नंद लाल यादव सुबह सुरक्षित निकाले गए हैं। कल रात और आज सुबह निकाले चारों मज़दूर ख़तरे से बाहर हैं तथा अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। इस प्रकार अब तक कुल 9 मज़दूरों में से 7 को सकुशल बचाया जा चुका है।

डॉ.राजौरा ने बताया कि शेष बचे 2 मज़दूर ग़ोरेलाल कोल और सुपरवाइज़र रवि अभी भी फ़ँसे हुए हैं। दोनों से सम्पर्क (कम्यूनिकेशन) नहीं हो पाया है। NDRF की टीम शेष बचे दोनो मज़दूरों को निकालने का प्रयास कर रही है। SDERF दमोह और सतना की टीमें भी पहुँच गयी हैं। बचाव कार्य जारी है।