Soybean Recovers due to Rains : लंबे इंतजार के बाद इंदौर और आसपास अच्छी बारिश!

इस बारिश से सोयाबीन की मुरझाती हुई फसल के संभलने की उम्मीद!

314

Soybean Recovers due to Rains : लंबे इंतजार के बाद इंदौर और आसपास अच्छी बारिश!

Indore : आज सुबह से शहर और आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश फिर शुरू हो गई। अगस्त में सिर्फ ढाई इंच बारिश होने से किसानों के लिए संकट पैदा हो गया था। सोयाबीन की फसल को नुकसान होने लगा था, पर आज से शुरू हुई बारिश से फिर स्थिति संभलने की उम्मीद लगाई जा रही है।

आज सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटे में 38 मिलीमीटर औसत वर्षा हुई। यह सोयाबीन की फसलों के लिए अनुकूल है। फसलों पर इसका सकारात्मक प्रभाव होगा और फसलों की स्थिति में सुधार होगा। जिन किसानों ने जल्दी पकने वाली सोयाबीन की किस्म लगाई है, उनके खेतों में आंशिक रूप से नुकसान की आशंका है।

बताया गया के जिले में इस वर्ष 2 लाख 13 हजार रकबे में सोयाबीन की फसल बोई गई है। इंदौर जिले में लंबे अंतराल के बाद पिछले 24 घंटे से हो रही बारिश फसलों के लिए अमृत बन गई है। जिले में फसलों को नया जीवन मिला है। किसानों के चेहरे पर खुशियां लौट आई है।

सांवेर के कुल फसली क्षेत्र लगभग 68 हजार हेक्टेयर में से 31835 किसानों द्वारा लगभग 61 हजार हेक्टेयर में सोयाबीन की बुवाई की। जिसमें से लगभग 42 हजार हेक्टेयर में जल्दी या मध्यम अवधि वाली तथा 19 हजार हेक्टेयर में देरी से पकने वाली प्रजातियों की बुवाई हुई है। सांवेर विकासखण्ड में गत 24 घंटे में 35.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

इसे मिलाकर आज तक कुल 861.20 मिमी वर्षा हो चुकी है। कुछ क्षेत्रों में हल्की मध्यम एवं कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश दर्ज की गई। इससे जहां वर्षा हुई वहां सोयाबीन की फसल में जल्दी पकने वाली प्रजातियां हैं, जिनमें हरापन है तथा अभी दाना पकने की अवस्था हैं। उनमें दाना अच्छा पोषित हो जाएगा। देर से पकने वाली प्रजातियों में जिनमें फली बन रही है या दाना भरने की अवस्था है उनमें उत्पादन अच्छा प्राप्त होगा।