Spoiled Makeup of Bride : 3 हजार में ऐश्वर्या राय नहीं बना दूंगी, आर्टिस्ट ने ऐसा क्यों कहा!

दुल्हन का मेकअप बिगाड़ा तो परिवार ने शिकायत दर्ज कराई!

440

Spoiled Makeup of Bride : 3 हजार में ऐश्वर्या राय नहीं बना दूंगी, आर्टिस्ट ने ऐसा क्यों कहा!

Jabalpur : शादी के समय यदि दुल्हन का मेकअप बिगड़ जाए तो क्या स्थिति बनती है, ये दुल्हन और उसके परिवार से समझा जा सकता है। लेकिन, इस पर भी मेकअप करने वाली ऑटिस्ट ये कहे कि तीन हज़ार में ऐश्वर्या रॉय तो नहीं बना सकती, तो घर वालों का चिढ़ना स्वाभाविक है। जबलपुर में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जब घरवालों ने परेशान होकर पुलिस में मामला दर्ज कराया।
शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि मेकअप आर्टिस्ट ने दुल्हन का मेकअप खराब कर दिया! इसके जवाब में ब्यूटीशियन मोनिका ने कहा कि 3 हजार रुपए में मैं किसी को ऐश्वर्या राय तो नहीं बना सकती। वहीं, लड़की वालों ने पुलिस से कहा कि मेकअप आर्टिस्ट के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें।
शादियों का सीजन है और इस सीजन में ब्यूटीशियन की डिमांड काफी बढ़ जाती है। कोतवाली थाना क्षेत्र में तीन दिसंबर को एक शादी होने वाली थी. इस शादी की दुल्हन को सजाने के लिए घरवालों ने ब्यूटीशियन को बुक किया था। घरवालों के मुताबिक, ब्यूटीशियन को घर पर आकर दुल्हन को तैयार करना था। इसके लिए उसे एडवांस भी दिया गया था। लेकिन, एन वक्त पर दुल्हन की ब्यूटीशियन उसके घर नहीं आई। मजबूरी में दुल्हन को उसके पार्लर जाना पड़ा। दुल्हन का आरोप है कि वहां जाने के बाद भी ब्यूटीशियन ने मेकअप खराब कर दिया, जिसके बाद दुल्हन हंसी का पात्र बन गई।
दुल्हन के खराब मेकअप के बाद घरवाले आग बबूला हो गए। वो गुस्से में पुलिस स्टेशन पहुंच गए और ब्यूटीशियन के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया। घर वालों ने आरोप लगाया कि पार्लर में भी दुल्हन का मेकअप किसी नए आर्टिस्ट से कराया गया जो पूरी तरह ट्रेंड नहीं थी। साथ ही उन्होंने ब्यूटीशियन पर अभद्रता करने व गलत शब्दों का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया। पुलिस के मुताबिक केस महिला अधिकारी को सौंपा गया है।
घरवालों के मुताबिक, उन्होंने ब्यूटीशियन को 5 सौ रुपए एडवांस देकर बुकिंग की थी। लेकिन, जब शादी के दिन उन्हें फोन लगाया गया तो उन्होंने फोन अटेंड नहीं किया। इसके बाद लड़की के घरवालों के पास मैसेज आया कि वो घर नहीं आ सकती! साथ ही ब्यूटीशियन ने कहा कि आप दुल्हन को पार्लर ले आइए, वहीं उनका मेकअप हो जाएगा। लेकिन, पार्लर पहुंचने के बाद भी दुल्हन का उस तरह से मेकअप नहीं हुआ जैसा वो चाहते थे।