St. Teresa Land Scam : सेंट टेरेसा जमीन घोटाले में 16500 पेज का चालान तैयार!

941

St. Teresa Land Scam : सेंट टेरेसा जमीन घोटाले में 16500 पेज का चालान तैयार!

धार से छोटू शास्त्री की रिपोर्ट

Dhar : पौने तीन सौ करोड़ के बहुचर्चित सेंट टेरेसा जमीन घोटाले में पुलिस 16 हजार 5 सौ पेज का चालान तैयार कर लिया है, जिसे जल्द ही पेश किया जाएगा। आज एसपी आदित्यप्रताप सिंह ने एक प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस को उम्मीद है, कि आरोपियों को सख्त सजा मिलेगी।

धार के बहुचर्चित सेंट टेरेसा ट्रस्ट की ढाई सौ करोड की बेशकीमती जमीन को आरोपियों ने धोखाधड़ी करके कई लोगों को बेच दिया था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 32 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोप पत्र में 31 लोगों के नाम शामिल किए गए हैं। एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी सुधीर जैन अभी फरार चल रहा है। उसकी पांच संपत्तियां कुर्क की गई, जिसमें उसका मेवाड़ हॉस्पिटल भी शामिल है।

एसपी ने बताया कि इस जमीन की पंजीयन वैल्यू 151 करोड़ थी, जबकि बाजार मूल्य 282 करोड़ आंका गया है। उन्होंने यह भी बताया कि इसमें 180 साक्षी हैं। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ 16,500 पेज का चालान तैयार किया है। धार एसपी आदित्य प्रताप सिंह सिंह ने बताया कि उन्होंने और उनके अधिकारियों ने मामले में बहुत मेहनत कर चालान पेश किया है, इसमें राजस्व, नगरपालिका, अभिलेखागार, पंजीयक सहित कई विभागों से दस्तावेज एकत्रित कर लगाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि इसमें मिस होरा से जुड़े मामले के दस्तावेज कनाडा से बुलाए गए हैं। पुलिस को अब उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों को इस मामले में सख्त से सख्त सजा मिल पाएगी! उन्होंने कहा कि दस्तावेज की साइज़ देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि पुलिस ने बेहद विस्तार से मामले की जांच की है।