WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Deputy Ranger Suspended : वनरक्षक से मारपीट के आरोप में STR के डिप्टी रेंजर निलंबित!

उन्होंने उल्टे वनरक्षक प्रवीण रघुवंशी पर ही गंभीर आरोप लगाए, मामले की विभागीय जांच! 

Deputy Ranger Suspended : वनरक्षक से मारपीट के आरोप में STR के डिप्टी रेंजर निलंबित!

Bhopal : नर्मदापुरम के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (एसटीआर) में डिप्टी रेंजर विष्णुकांत त्रिपाठी को वनरक्षक से मारपीट और अभद्रता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। एसटीआर के प्रभारी डिप्टी डायरेक्टर मयंक गुर्जर ने शुक्रवार को उनका सस्पेंशन ऑर्डर जारी किया। त्रिपाठी देनवा बफर रेंज के देलाखारी में पदस्थ थे। अब उन्हें बागड़ा बफर रेंज ऑफिस में अटैच किया गया है। पूरे घटनाक्रम की विभागीय जांच चल रही है। नर्मदापुरम वन मंडल में इससे पहले भी कुछ अधिकारियों के बीच विवाद सामने आते रहे हैं।

यह कार्रवाई वनरक्षक प्रवीण रघुवंशी की शिकायत के आधार पर की गई है। निलंबन आदेश सामने आने के बाद डिप्टी रेंजर विष्णुकांत त्रिपाठी ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने उल्टे वनरक्षक प्रवीण रघुवंशी पर ही गंभीर आरोप लगाए। त्रिपाठी के अनुसार,रघुवंशी की बीट सीताडोंगरी में अवैध कटाई हुई थी।

त्रिपाठी ने कहा कि 4 जून को जब मैं जंगल में गया,तब सांझ,करी और सागौन जैसे पेड़ों के कटे हुए तने सामने मिले अगले दिन 5 जून को मैं बीट गार्ड रघुवंशी और ड्राइवर ललित के साथ रेंज में बन रहे रपटा निर्माण को देखने गया। वहां मैंने एक चौकीदार को कुछ निर्देश दिए और रघुवंशी से अवैध कटाई को लेकर सवाल किए। इसी दौरान उसने मुझे धक्का दिया और झूमाझटकी की।

50 हजार वापस नहीं करने की नीयत 

डिप्टी रेंजर ने कहा कि उन्होंने रघुवंशी को बाइक खरीदने के लिए 50 हजार रुपए उधार दिए थे। वो अब पैसे नहीं लौटाना चाहता और अवैध कटाई के मामले में बचने के लिए उन पर आरोप लगा रहा है। उन्होंने कहा कि मैं पंचनामा बनाना चाहता था, लेकिन उसने दो बार रोक दिया और अपने मामा के नाम की धमकी भी दी। बाद में उसने मारपीट की झूठी शिकायत थाने में दी और हाथ में फैक्चर होने की बात कही।