खरगोन में आवारा कुत्तों का आतंक: बुजुर्ग महिला पर झुंड ने किया हमला, सीसीटीवी में कैद घटना

111

खरगोन में आवारा कुत्तों का आतंक: बुजुर्ग महिला पर झुंड ने किया हमला, सीसीटीवी में कैद घटना

खरगोन: मप्र के खरगोन शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार रात कोतवाली थाना क्षेत्र के बीटीआई रोड पर घर के बाहर टहल रही एक सेवानिवृत्त बुजुर्ग महिला पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। इस दौरान महिला डर के कारण भागने लगी और संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिर गई। इसके बाद कुत्तों ने उसे काट लिया, जिससे वह घायल हो गई और काफी खून बह गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

IMG 20260307 WA0029

जानकारी के अनुसार नगरपालिका खरगोन की सेवानिवृत्त कर्मचारी 72 वर्षीय प्रतिभा मोडक गुरुवार रात करीब 10 बजे अपने घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान अचानक आवारा कुत्तों का झुंड उनकी ओर दौड़ा और हमला कर दिया। कुत्तों के हमले से घबराकर महिला भागने लगी, लेकिन कुछ ही दूरी पर वह गिर गई। इसके बाद कुत्तों ने उन्हें काट लिया।

घटना के समय सड़क से गुजर रहे राहगीरों और आसपास के लोगों ने महिला की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचकर कुत्तों के झुंड पर पत्थर फेंके और उन्हें भगाया। इसके बाद लोगों ने घायल महिला को सुरक्षित उठाकर निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया।

इस घटना के बाद शहर में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है।

नगर पालिका परिषद खरगोन की सीएमओ कमला कौल ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में आयी और तत्काल टीम को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने बताया कि खरगोन में करीब 12 हजार स्ट्रे डॉग चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से अब तक करीब 6 हजार कुत्तों को पकड़कर उनका नसबंदी ऑपरेशन कर एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया जा चुका है।

सीएमओ ने बताया कि नियमानुसार नसबंदी के बाद कुत्तों को उसी स्थान पर छोड़ना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार डॉग लवर एनजीओ कुत्तों को पकड़ने पर आपत्ति जताते हैं। पिछली बार जब नगर पालिका की टीम कुत्ते पकड़ने गई थी तो कुछ लोगों ने टीम पर हमला कर दिया था, जिसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी।