WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

मंत्री ने 45 मिनट किया कलेक्टर का इंतजार, फिर कार्यक्रम छोड़कर चले गए!

मंत्री के अपमान के खिलाफ कार्यकर्ताओं में रोष, सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन

768

मंत्री ने 45 मिनट किया कलेक्टर का इंतजार, फिर कार्यक्रम छोड़कर चले गए!

लखनऊ: योगी आदित्यनाथ के एक राज्य मंत्री असीम अरुण को लेकर यह खबर है।

बताया गया है कि कन्नौज जिले में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में मंत्री असीम अरुण ने 45 मिनट तक कलेक्टर का इंतजार किया, फिर भी नहीं आए तो अंततः कार्यक्रम छोड़कर चले गए।

ताज्जुब की बात यह है कि इस सरकारी आयोजन में निर्धारित समय पर मंत्री तो पहुंच गए लेकिन कार्यक्रम की मुख्य आयोजक एसडीएम सुश्री वैशाली 15 मिनट बाद पहुंची।

IMG 20260328 WA0026

इस संबंध में राज्य मंत्री असीम अरुण द्वारा कन्नौज के कलेक्टर आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को एक नसीहत भरा पत्र लिखा गया है। पत्र में राज्य मंत्री ने कहा है कि आपका इंतजार करते-करते तो ठीक है, लेकिन मंच पर लगातार यह घोषणा होती रही कि आपके आगमन के बाद ही कार्यक्रम शुरू होगा।मंत्री ने कलेक्टर से कहा कि आप सहमत होंगे कि यह स्थिति मेरे लिए असहज हो गई। आप कब तक आएंगे यह भी किसी को नहीं पता था। ऐसी स्थिति में मेरे पास वहां से रवाना होने के अलावा कोई अतिरिक्त विकल्प नहीं बचा था।

कलेक्टर को नसीहत देते हुए मंत्री ने लिखा है कि एक लोक सेवक के नाते हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली से प्रेरणा लेनी चाहिए जो समय की पाबंदी और अनुशासन के लिए जाने जाते हैं।

उन्होंने यह भी नसीहत दी कि यह सुनिश्चित किया जाए कि आपके और आपकी टीम द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में समय की गरिमा बनी रहे। अनुशासन ही प्रशासन की नींव है और मैं अपनी टीम से भी इस समयबद्धता की उम्मीद रखता हूं जिसका मैं स्वयं पालन करता हूं।

बता दे की असीम अरुण पूर्व में आईपीएस अधिकारी रहे हैं और सेवा से इस्तीफा देकर वह चुनाव लड़े और जीत कर अब राज्य मंत्री हैं।

 

*मंत्री के अपमान के खिलाफ कार्यकर्ताओं में रोष, सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन*

 

जिला प्रशासन द्वारा सरकारी आयोजन में जिसमें मंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था, को क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपमान माना है। कार्यकर्ताओं में प्रशासन की इस हरकत के खिलाफ रोष व्याप्त है। उन्होंने इसके खिलाफ सड़क पर बैठकर प्रदर्शन भी किया।

कन्नौज में भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम निहाल वर्मा की अगुवाई में मकरंदनगर तिराहे पर पहुंचा। यहां सड़क पर बैठकर भाजपाइयों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। डीएम-एसपी और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक यहां प्रदर्शन चलता रहा। इसकी सूचना मिलने पर सीओ अभिषेक प्रताप अजेय और प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ वहां पहुंच गए और समझा बुझाकर किसी तरह भाजपाइयों को शांत कराया।

*अफसरों को अपने रवैये में सुधार की जरूरत*

इसके बाद किसी तरह जाम खुल सका। प्रदर्शन कर रहे निहाल वर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन पूरी तरह से निरंकुश हो चुका है। यूपी सरकार के राज्यमंत्री असीम अरुण का रोमा स्मारक पर अपमान हुआ। जिसे हम सब पार्टी कार्यकर्ता किसी कीमत पर बर्दाश्त नही करेंगे। भाजपा नेत्री संध्या शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर मंत्री असीम अरुण और उनकी पत्नी ज्योत्स्ना का न तो किसी तरह का स्वागत हुआ और न ही कोई अधिकारी वहां मौजूद था। मंत्री के इस अपमान के खिलाफ कार्यकर्ताओं में रोष है। अफसरों को अपने रवैये में सुधार की जरूरत है।