
पानी की बूंद-बूंद को तरसे छात्र, हाईवे पर उतरे, खंडवा–वड़ोदरा नेशनल हाइवे पर डेढ़ घंटे रहा जाम
खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के सेगांव ब्लॉक में पेयजल संकट से जूझ रहे ग्राम तलकपुरा स्थित शासकीय आदिवासी बालक छात्रावास के विद्यार्थियों का सब्र शुक्रवार शाम टूट गया। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के करीब 50 छात्र खंडवा–वड़ोदरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर उतर आए और बीच सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस प्रदर्शन से राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
छात्र शाम करीब 6 बजे छात्रावास से निकलकर हाईवे पर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए पानी की समस्या के तत्काल समाधान की मांग करने लगे। उनका आरोप था कि पिछले 15 दिनों से छात्रावास में गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है। पानी के अभाव में दैनिक कार्यों के साथ-साथ परीक्षा की तैयारी भी प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों ने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे आश्वासन मिलने तक डटे रहे। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों को भी बुलाया गया। प्रदर्शन शाम 7.30 बजे तक जारी रहा।
छात्रों ने यह भी बताया कि छात्रावास में चपरासी का पद खाली होने से साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं भी उन्हें स्वयं संभालनी पड़ रही हैं। धरना स्थल पर पहुंचे छात्रावास अधीक्षक मुकेश मंडलोई ने स्वीकार किया कि ट्यूबवेल सूख जाने से पानी की समस्या उत्पन्न हुई है। पंचायत व ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर को कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन बाद में लगाया गया नल कनेक्शन भी पर्याप्त पानी नहीं दे पा रहा।
अंततः विकासखंड शिक्षा अधिकारी संदीप कापड़नीस के मौके पर पहुंचकर शीघ्र स्थायी समाधान का आश्वासन देने और तत्काल पानी सप्लाई शुरू कराने के बाद छात्रों ने चक्काजाम समाप्त किया। लिखित आश्वासन लेने के बाद ही विद्यार्थी सड़क से हटे, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका।





