सिंगरौली की सुमित्री जिन्हें लोहिया ने राष्ट्रपति का प्रत्याशी घोषित कर दिया!

800

चुनावी लोकतंत्र में यूँ तो महिलाओं के प्रतिनिधित्व के मामले में भारत श्रीलंका और बाँग्लादेश (संसद में 12 व मप्र विधानसभा में 11प्रतिशत) से भी पीछे है फिर भी यदि किसी ने इसकी सबसे ज्यादा चिंता की तो वे डाक्टर राममनोहर लोहिया थे। वे लोकतंत्र में नर-नारी समानता को चरमोत्कर्ष तक पहुँचाना चाहते थे। उनकी सप्तक्रांति का पहला सूत्र यही था।

नई पीढ़ी को यह शायद ही पता हो कि सिंगरौली विधानसभा से पहला चुनाव जीतने वाली सुमित्री देवी को प्रथम राष्ट्रपति चुनाव के लिए सोशलिस्ट पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया था। मध्यप्रदेश की उपमुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष रहीं जमुना देवी भी समाजवादी नवाचार का प्रतिफल थीं। 62 में ग्वालियर लोकसभा चुनाव में “रानी बनाम मेहतरानी” की बहस खड़ा करने वाले डाक्टर लोहिया ही थे।

चुनाव में महिलाओं की भागीदारी को लेकर दो किस्से और डाक्टर लोहिया को याद करते हुए। शुरू करते हैं सुमित्री देवी से। सुमित्री देवी सिंगरौली क्षेत्र की वनवासी अति पिछड़ी जनजाति खैरवार समुदाय से थीं। बात तब की है जब विंध्यक्षेत्र समाजवाद की प्रयोगशाला के रूप में देश और दुनिया में स्थापित हो चुका था। 1948 में बघेलखण्ड और बुंदेलखंड छोटी रियासतों को मिलाकर विंध्यप्रदेश का गठन किया गया था। 1952 में विधानसभा के लिए पहला चुनाव होना था।

विंध्यप्रदेश की विधानसभा 60 सदस्यों की थी। 12 विधानसभा क्षेत्र ऐसे थे जहां से दो सदस्य चुने जाते थे। सिंगरौली ऐसा ही क्षेत्र था। सोशलिस्ट पार्टी ने सामान्य वर्ग से श्यामकार्तिक को उम्मीदवार बनाया और अजजा वर्ग से सुमित्री देवी को। सोशलिस्ट पार्टी के दोनों उम्मीदवार चुन लिए गए।

60 में से 11 विधायक सोशलिस्ट के थे पर खास बात यह कि सीधी जिले से काँग्रेस का खाता तक नहीं खुला था। विंध्यप्रदेश में सोशलिस्ट पार्टी के नेता जगदीश जोशी बताते थे कि डाक्टर लोहिया चुनाव परिणामों से इतने उत्साहित हुए कि देश के राष्ट्रपति चुनाव के लिए सुमित्री देवी को सोशलिस्ट पार्टी का उम्मीदवार घोषित कर दिया।

रघु ठाकुर इस संदर्भ की चर्चा करते बताते हैं कि यह घटना विश्वभर की मीडिया की सुर्खियां बनीं थी। यद्यपि राष्ट्रपति चुनाव के लिए आपेक्षित सदस्य संख्या न होने की वजह से सुमित्री देवी अहर्ता पूरी नहीं कर पाईं लेकिन चुनावी लोकतंत्र में देश के सर्वाधिक पिछड़े इलाके से एक वनवासी महिला को सामने लाकर लोहिया ने भारत के भविष्य के लोकतंत्र का जो खाका देश के सामने पेश किया था वो आज भी धुंध में है।

1957 में मध्यप्रदेश के लिए हुए चुनाव में सिंगरौली की सीट सामान्य घोषित हो गई। सुमित्री देवी निर्दलीय लड़ी और जीत नहीं पाईं। वे खैराही गाँव की थीं आज जहाँ एस्सार के ताप बिजलीघर की ऊँची चिमनियां गुगुआ रही हैं। सुमित्री देवी का परिवार सिंगरौली की विस्थापन त्रासदी में फँसकर आज गुमनाम सा हो गया। पूँजीवाद लोहिया के समाजवाद को साक्षात लील गया लेकिन एक गौरवशाली किस्सा तो उससे जुड़ा ही हुआ है।

जमुना देवी, स्वाभिमानी राजनीति के 53 साल

अब जमुना देवी की बात। विधानसभा में बुआजी के नाम से चर्चित रहीं जमुना देवी भी समाजवाद के नवाचार की प्रतिफल रही हैं। धार-झाबुआ क्षेत्र में वे समाजवादी संत मामा बालेश्वर दयाल के सानिध्य में आईं। मध्यभारत प्रांत के लिए जब 1952 में पहला चुनाव हुआ तो वे कुच्छी विधानसभा सीट से सोशलिस्ट पार्टी की उम्मीदवार बनीं और अच्छे बहुमत से चुनी गईं। उनकी दबंग व जुझारू छवि से पंडित नेहरू इतने प्रभावित हुए कि काँग्रेस में शामिल करके सन् 62 में धार झाबुआ लोकसभा सीट से अपनी पार्टी का उम्मीदवार बना दिया। वे चुनाव जीतकर लोकसभा पहुँची।

78 में इंदिरा जी ने उन्हें उच्चसदन राज्यसभा भेजा। इसके बाद 85 से 90 और 93 से 2010 तक विधानसभा सदस्य रहीं। विभिन्न विभागों की मंत्री रहते हुए 1998 से 2003 तक प्रदेश की उपमुख्यमंत्री रहीं। 2010 में जब उनका निधन हुआ तब वे नेता प्रतिपक्ष थीं।

सुमित्री देवी को वक्त ने साथ नहीं दिया पर जमुना देवी महिला जनप्रतिनिधियों के लिए आयकानिक साबित हुईं। 1957 से लेकर 2010 यानी कि 53 वर्ष तक उनकी अनवरत राजनीतिक सक्रियता एक मिसाल है चुनावी लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी और संघर्ष शक्ति की।

क्या थी..? सप्तक्रांति

डा. राममनोहर लोहिया की समाज-परिवर्तन के सात स्वप्न थे, जिसे सप्तक्रांति के नाम से भी जाना जाता है। वे सभी अन्यायों के विरुद्ध एक साथ जेहाद बोलने के पक्षपाती थे। उन्होंने एक साथ सात क्रांतियों का आह्वान किया। वे सात क्रान्तियाँ थी-

1. नर-नारी की समानता के लिए।
2. चमड़ी के रंग पर रची राजकीय, आर्थिक और दिमागी असमानता के विरुद्ध।
3. संस्कारगत, जन्मजात जातिप्रथा के ख़िलाफ़ और पिछड़ों को विशेष अवसर के लिए।
4. परदेसी ग़ुलामी के ख़िलाफ़ और स्वतन्त्रता तथा विश्व लोक-राज के लिए।
5. निजी पूँजी की विषमताओं के ख़िलाफ़ और आर्थिक समानता के लिए तथा योजना द्वारा पैदावार बढ़ाने के लिए।
6. निजी जीवन में अन्यायी हस्तक्षेप के ख़िलाफ़ और लोकतंत्री पद्धति के लिए।
7. अस्त्र-शस्त्र के ख़िलाफ़ और सत्याग्रह के लिये।

इन सात क्रांतियों के सम्बन्ध में लोहिया ने कहा-

“मोटे तौर से ये हैं सात क्रांन्तियाँ। सातों क्रांतियाँ संसार में एक साथ चल रही हैं। अपने देश में भी उनको एक साथ चलाने की कोशिश करना चाहिए। जितने लोगों को भी क्रांति पकड़ में आयी हो उसके पीछे पड़ जाना चाहिए और बढ़ाना चाहिए। बढ़ाते-बढ़ाते शायद ऐसा संयोग हो जाये कि आज का इन्सान सब नाइन्साफियों के ख़िलाफ़ लड़ता-जूझता ऐसे समाज और ऐसी दुनिया को बना पाये कि जिसमें आन्तरिक शांति और बाहरी या भौतिक भरा-पूरा समाज बन पाये।”

सप्त-क्रांति का उनका सपना अभी भी अधूरा है। जाति-भेद, रंग-भेद, लिंग-भेद, वर्ग-भेद, भाषा-भेद और शस्त्र-भेद रहित समाज का निर्माण करने वाले नेता अब ढूंढ़ने से भी नहीं मिलते।