Sagar में ब्राह्मणों का जमावड़ा, जोरदार प्रदर्शन, कई जगह से समाज के लोग पहुंचे

मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ जमकर नारेबाजी

1255

 

सागर। जिले के एक गांव में एक युवक की हत्या के बाद दूसरे पक्ष पर कार्रवाई के विरोध में ब्राह्मणों ने जमकर अपना विरोध दर्ज कराया। नरयावली क्षेत्र के सेमरा लहरिया गांव में एक युवक की हत्या होने और दूसरे पक्ष पर पुलिस कार्रवाई को लेकर मामला गरमा गया। इस घटना के विरोध में ब्राह्मणों ने सारे विरोधों को दरकिनार करते हुए प्रदर्शन  किया। स्थिति यह आ गई कि कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन लेने मंच पर आना पड़ा। मौजूद लोगों ने नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह और ब्राह्मण समाज के कुछ लोगों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान CBI जांच की भी मांग की गई। इस मामले में ब्राह्मण और यादव समाज और उनके नेताओं के आमने-सामने आने से प्रशासन के सामने चुनौती आ गई। ब्राह्मण समाज इस जंगी आयोजन में सागर, दमोह, पन्ना, टीकमगढ, निवाड़ी, छतरपुर, सतना, रीवा सहित प्रदेश के कई अंचलो से ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि पहुंचे थे। जानकारी मिली कि आंदोलन में हिस्सा लेने UP से भी लोग आए थे।

स्थगित होने की सूचना फिर भी भीड़
ब्राह्मण समाज के प्रदर्शन की सप्ताहभर से तैयारी चल रही थी। इस कारण प्रदेश सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी परेशान थे। बुधवार को मुख्यमंत्री ने बढ़ते दवाव के चलते CBI जांच और घटना में झुलसी लड़की चंचला शर्मा के बेहतर इलाज की घोषणा की थी। मीडिया को यह जानकारी कलेक्टर दीपक आर्य और SP अतुल सिंह ने दी। शुरू में ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के बीच हुई कई बैठकों के बाद इस प्रदर्शन को स्थगित करने की भी जानकारी दी गई थी। लेकिन, ब्राह्मण समाज के एक वर्ग ने इस्का विरोध किया और 30 सितम्बर को आयोजन करने की जिद पर उतरे।

बुधवार रात को टेंट और पंडाल भी उखड़ गया था। सोशल मीडिया पर देर रात तक बहुत कुछ लिखा भी गया। आज खेल परिसर के पास वाले मैदान में धीरे-धीरे भीड़ जुटना शुरू हो गई। लोग तेज धूप में भी प्रदर्शन में खड़े रहे। आसपास के जिलों से वाहनों और मोटसायकल से समाज के लोग इकठ्ठा हुए। कार्यक्रम खत्म होने के बाद भी कई लोग आते रहे। इस दौरान कई बार लोगों ने मंत्री भूपेंद्र सिंह और इस आंदोलन को स्थगित कराने वालों के खिलाफ नारेबाजी भी की।

पुलिस की घेराबंदी
प्रशासन इस प्रदर्शन के समय बेहद सतर्क रहा। पीली कोठी के नीचे दो जगहों पर बेरिकेट्स लगाए गए। चारों तरफ की सड़कों पर बेरिकेट्स लगे थे। शहर के बाहर भी वाहनों के आने पर पूछताछ की जा रही थी। कई जगह वाहन रोके भी गए। कार्यक्रम स्थल पर पुलिस बल लगाया  था। यहां ASP विक्रम सिंह सहित कई थानों के प्रभारी मौजूद थे।

ये हुई घटना
नरयावली थाना के सेमरा लहरिया गांव में 16 और 17 सितंबर की दरमियानी रात प्रेम प्रसंग के मामले में प्रेमी और प्रेमिका के जलने का मामला सामने आया था। प्रेमी राहुल यादव प्रेमिका चंचला शर्मा के घर में जली हुई अवस्था में मिला। मृत्यु के पहले पुलिस को दिए बयान में उसने कहा था कि उसकी प्रेमिका ने मिलने के लिए बुलाया था, लेकिन जब वह उसके घर पहुंचा, तो उसके परिजनों ने हाथ पैर बांधकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस मामले में बुरी तरह से झुलसी प्रेमिका ने पुलिस को बयान दिया था कि उसकी शादी के बाद उसका प्रेमी उसके पीछे पड़ा हुआ था। घटना के दिन वह खुद पर पेट्रोल डालकर घर में घुस गया। मेरे ऊपर पेट्रोल डालकर मुझे अपने साथ जलाने की कोशिश की। इस मामले में पुलिस ने प्रेमिका के पिता सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया। इसके बाद यादव समाज ने प्रदर्शन किया था।

ज्ञापन दिया गया
इस प्रदर्शन की उग्रता को देखते हुए कलेक्टर दीपक आर्य और SP अतुल सिंह को ज्ञापन लेने मंच पर आना पड़ा। कलेक्टर दीपक आर्य ने बताया कि CM ने CBI जांच के निर्देश दिए हैं। पीड़ित लड़की के इलाज का खर्च भी सरकार उठाएगी। वही परिवार को रोजगार देने, मकान तोड़ने के दौरान हुए फसलों व अन्य नुकसान की भरपाई का नियमानुसार आश्वासन भी दिया।

UP से आए ब्राह्मण नेता सर्वेश पांडे ने सम्बोधन के दौरान ब्राह्मणों को विप्र द्रोही ताकतों से लड़ने के लिए जाग्रत किया। उन्होंने कहा कि एक बेटी के साथ अन्याय हुआ है। बेटी किसी भी समाज की हो अन्याय नहीं होना चाहिए। यदि हमारी मांगे पूरी नही हुई तो हम भोपाल में प्रदर्शन करेंगे। दमोह से आये मनोज देवलिया सहित अनेक प्रतिनिधियों ने समाज की एकता पर जोर दिया और अन्याय के खिलाफ लड़ने की बात कही।