मध्यप्रदेश की हिट जोड़ी ने कर्नाटक में भी मचाई धूम…

मध्यप्रदेश की हिट जोड़ी ने कर्नाटक में भी मचाई धूम…

मध्यप्रदेश की हिट‌ जोड़ी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 26 अप्रैल को प्रचार कर धूम मचा दी। कर्नाटक में भाजपा का प्रचार करने पहुंचे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने डबल इंजन की सरकार और कांग्रेस मुक्त बूथ की आवाज बुलंद की है। कर्नाटक से लौटकर भाजपा के यह दो दिग्गज नेता मध्यप्रदेश में भी बूथ विजय की रणनीति पर चिंतन मनन करने वाले हैं। तो मोदी के मन की बात के सौ वें एपीसोड की धूम किस तरह हो, इस पर भी प्रदेश भाजपा का फोकस है। तो प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव पर अब हर बैठक में भाजपा का फोकस है और एक बड़ी बैठक 27 अप्रैल को होने वाली है, जिसमें हिट‌ जोड़ी की सोच खासी प्रभावी रहेगी।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कर्नाटक में तीन चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। अपने खास अंदाज में शिवराज ने कर्नाटक की जनता से संवाद किया कि कांग्रेस ने क्या दिया.. कांग्रेस ने दिया है करप्शन, क्राइम और कमीशन। यह करप्शन, क्राइम और कमीशन ही कांग्रेस की पहचान है। कांग्रेस ने कर्नाटक को तबाह और बर्बाद करने के अलावा कुछ नहीं किया है। यह कांग्रेस केवल तोड़ने वाली पार्टी है। उन्होंने रोड शो कर भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में तीन विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। सीएम शिवराज ने विधानसभा हुक्केरी में भाजपा प्रत्याशी निखिल कट्टी, गोकक विधानसभा में रमेश जारकोहली और रामदुर्गा विधानसभा में चिक्का रेवन्ना के समर्थन पर सभाओं को संबोधित कर जनता से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने की अपील की। चौहान ने अपने खास अंदाज में जनता को कुछ इस तरह भी कनेक्ट करने की कोशिश की, कि कांग्रेस आई तो पीएफआई, भाजपा आई तो प्रोग्रेस लाई। कांग्रेस ने दिया थ्री सी यानि करप्शन, क्राइम और कमीशन। कांग्रेस और जेडीएस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।कांग्रेस आई तो मुस्लिम रिजर्वेशन और भाजपा आई तो कल्चरल कंजर्वेशन।डबल इंजन की सरकार में कर्नाटक भारत की प्रगति में सबसे आगे हैं।
 मध्यप्रदेश की हिट जोड़ी ने कर्नाटक में भी मचाई धूम...
तो दूसरी तरफ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने भी अपनी बात बखूबी बयां की। कर्नाटक में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बैंगलोर में कांग्रेस मुक्त बूथ का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि पूरे कर्नाटक मे मोदी जी का जादू है। मैंने मल्लेश्वर विधानसभा के वार्ड क्रमांक 35 की बैठक ली है। यहां के हमारे इस वार्ड के जो कार्यकर्ता हैं,उनका उत्साह और उमंग देखकर मुझे लगता है कि इस विधानसभा के अंदर प्रत्येक बूथ को कांग्रेस मुक्त बूथ बनाने का संकल्प सब लोगों ने लिया है और इस विधानसभा के अंदर भाजपा के प्रत्याशी डॉ अश्वथनारायण जी को ऐतिहासिक बहुमत के साथ विजय मिलेगी। पूरे कर्नाटक में मोदी जी का जादू है। मोदी जी के प्रति लोगों का विश्वास है। मोदी जी के लिए जनता तत्पर और तैयार होकर कर्नाटक में प्रचंड बहुमत भाजपा को देगी।
आज यानि 27 अप्रैल को यह दोनों नेता राजधानी भोपाल में भी बूथ विजय संकल्प अभियान और ‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर चिंतन करेंगे। प्रदेश कार्यालय में ‘मन की बात’ कार्यक्रम और बूथ विजय संकल्प अभियान को लेकर अलग-अलग बैठकें आयोजित होंगी। दिन में प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष एवं बूथ प्रबंधन के जिला प्रभारियों की बैठक आयोजित होगी, तो शाम को सभी सांसद एवं विधायक की बैठक आयोजित होगी। भाजपा के विशेष अभियान बूथ प्रबंधन और मोदी जी की मन की बात के 100 वें एपिसोड को सफल बनाने का एजेंडा आगे बढ़ाया जाएगा। इस महीने आखिरी रविवार 30 अप्रैल को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 100 एपिसोड पूरे हो जाएंगे।
तो इस साल कर्नाटक से मध्यप्रदेश तक विधानसभा चुनाव की धूम है। छत्तीसगढ़ भी चुनाव के दौर से गुजरेगा, जहां नक्सलियों ने कहर बरपाया है। राजस्थान की भी चुनावी साल है, जहां सबकी निगाहें हैं कि सचिन पायलट का चेहरा कितना असर दिखाता है। खैर फिलहाल मध्यप्रदेश में जोर शिवराज सिंह चौहान और विष्णु दत्त शर्मा का है। कर्नाटक चुनाव परिणाम के बाद रणनीति की संरचना में इनके अनुभव खासे प्रभावी रहेंगे। फिलहाल मध्यप्रदेश की इस हिट जोड़ी की कर्नाटक में धूम मचाने की चर्चा है…।
Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।