
IAS अफसरों की बहुप्रतीक्षित तबादला सूची!
मध्य प्रदेश में पिछले करीब डेढ़ माह से IAS अफसरों विशेष कर कलेक्टरों के तबादलों को लेकर सियासी और प्रशासनिक गलियारों में लगातार चर्चाओं का दौर जारी है। कई बार तो यहां तक कहा गया कि आज या कल में ही सूची जारी हो जाएगी लेकिन वह दिन पिछले डेढ़ माह में अभी तक तो नहीं आया है।
हालांकि कहा यह गया है कि लगातार त्यौहारों और मार्च एंड के कारण यह सूची रोक दी जाती रही है। लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश के चार महत्वपूर्ण बड़े जिलों ग्वालियर,भोपाल, सागर और इंदौर के कलेक्टरों के नाम पर एक राय वरिष्ठ स्तर पर नहीं होने से सूची जारी नहीं हो पाई है। एक दो जिले में राजनीतिक कारण भी बताए जा रहे हैं।
बताया गया है की सूची तो तैयार पड़ी है लेकिन मुख्यमंत्री की लगातार व्यस्तता के कारण भी सूची मूर्त रूप नहीं ले पा रही है।
बहरहाल अब पता लगा है कि सूची लगभग फाइनल हो गई है और अगर अब कोई और अड़ंगा या नई बात नहीं हुई तो अगले सप्ताह कभी भी जारी हो सकती है।



