पंचायत दफ्तर में वकील की हत्या का रोंगटे खड़े कर देने वाला Video वायरल

80

पंचायत दफ्तर में वकील की हत्या का रोंगटे खड़े कर देने वाला Video वायरल

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में बुधवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां जिला पंचायत कार्यालय के भीतर वकील फारुख की गोली मारकर हत्या कर दी गई. हत्या का आरोप जिला पंचायत के ही एक लिपिक बाबू असगर अली पर लगा है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वकील फारुख अपनी पत्नी से मिलने जिला पंचायत कार्यालय गए थे, जहां उनकी बाबू असगर अली से किसी बात पर बहस हो गई. यह बहस जल्द ही हाथापाई में बदल गई, जिसके बाद असगर अली ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से फारुख को गोली मार दी. पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है.

इस प्रकरण को लेकर गुरुवार को अधिवक्ताओं ने हड़ताल व प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की। वहीं घटना के समय हत्यारोपित लिपिक के कक्ष में लगे सीसी कैमरे का वीडियो फुटेज भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। 2.52 मिनट के इस वीडियो में अधिवक्ता फारुख अपने साथी अधिवक्ता के साथ लिपिक असगर के कक्ष में प्रवेश करते हैं।

उनको देखकर असगर कुर्सी से खड़ा हो जाता है। दोनों के बीच गर्मागर्मी शुरू होती है। इस दौरान अधिवक्ता फारुख उसे तीन थप्पड़ मारते हैं। तभी अधिवक्ता की पत्नी गोसिया व जिला पंचायत कार्यालय में तैनात लिपिक महबूब भी कक्ष में आ जाते हैं। लिपिक महबूब बीचबचाव करते हुए अधिवक्ता फारुख को बाहर निकालते हैं।

इसी दौरान हत्यारोपित लिपिक असगर अपनी कमर से पिस्टल निकालकर अनलाक कर लेता है। दोनों के बीच फिर कुछ कहासुनी होती है और अधिवक्ता फारुख अपने साथी के साथ दोबारा कक्ष में लौटते हैं। ये देखकर हत्यारोपित अपना पिस्टल पैंट की पिछली जेब में रखकर अधिवक्ता को कक्ष के बाहर धकेलता है। वहीं अधिवक्ता फारुख उससे पिस्टल लेने का प्रयास करते हैं।

दोनों के बीच गुत्थमगुत्थी में हत्यारोपित असगर कुर्सी पर गिर जाता है और एक हाथ से फिर पिस्टल निकाल लेता है। इसी दौरान एक फायर होता है जिसकी गोली असगर के ही पेट को पार कर जाती है जबकि, दो गोलियां अधिवक्ता फारुख के सीने पर लगती हैं। जिससे वह वहीं कुर्सी की टेक लेकर निढाल हो जाते हैं। इसके बाद हत्यारोपित असगर पिस्टल लहराता हुआ फरार हो जाता है।

रोपित लिपिक असगर के कक्ष में सीसी कैमरा लगा था। इसका डीबीआर जिला पंचायत परिसर स्थित उसके आवास पर था। वारदात के बाद बुधवार को ही पुलिस ने आवास पर लगे ताले तोड़कर डीबीआर को अपने कब्जे में ले लिया था। इसके जरिये पुलिस को पूरा घटनाक्रम मिल गया था मगर पुलिस ने इसका वीडियो फुटेज किसी से साझा नहीं किया था।

गुरुवार शाम को इसका वीडिया फुटेज तेजी के साथ इंटरनेट मीडिया पर शेयर हो गया। एसपी विद्या सागर मिश्र ने बताया कि घटनाक्रम के दौरान सीसी कैमरे की फुटेज मिल गई है। लिपिक के पिस्टल से चली गोली से ही अधिवक्ता की जान गई है। विवेचना में सभी तथ्यों को शामिल किया जाएगा।