धमाके के साथ फटा ट्रांसफार्मर, उबलते तेल से 5 झुलसे, जान बचाने जलते हुए भागे,नाली में कूदे

63

 धमाके के साथ फटा ट्रांसफार्मर, उबलते तेल से 5 झुलसे, जान बचाने जलते हुए भागे,नाली में कूदे

गाजियाबाद; दिल्ली से सटे गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां राजीव विहार में एक ट्रांसफार्मर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि ट्रांसफार्मर के अंदर भरा उबलता हुआ तेल छिटककर वहां से गुजर रहे लोगों पर जा गिरा। ट्रांसफॉर्मर में धमाके के साथ आग लग गई। इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।आग और ट्रांसफॉर्मर से निकले गर्म तेल की चपेट में आने से वहां खड़े पांच लोग झुलस गए। इनमें से एक व्यक्ति ने कपड़ों में आग लगने पर नाले में कूदकर जान बचाई। सभी को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।ऊर्जा निगम ने खोड़ा में कविता सिनेमा हॉल के सामने सीटी-पीटी मीटरिंग यूनिट ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। इससे क्षेत्र को दी गई और प्रयोग की गई बिजली का रिकॉर्ड रखा जाता है। शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे ट्रांसफॉर्मर के आसपास कुछ लोग खड़े थे। तभी उसमें अचानक धमाका हो गया।

 

धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए। ट्रांसफॉर्मर से आग और तेल निकलने लगा। इसकी चपेट में आने से कमलेश कुमार चौधरी, पंकज, अरुण, अतुल माथुर व एक अन्य व्यक्ति झुलस गया। चीख-पुकार मचने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की लाइट बंद कराई। ट्रांसफॉर्मर से निकला तेल सड़क पर फैल गया। इस कारण करीब एक घंटे तक सड़क बंद रही।

एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि घायलों की हालत स्थिर है। ऊर्जा निगम की ओर से भी सूचना दी गई है। शिकायत मिलती है तो जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कवर किया न नियमित रखरखाव

A transformer exploded and caught fire, injuring five people.
आसपास के लोगों ने बताया कि सिनेमा हॉल के संचालन के लिए परिसर के अंदर बड़ा ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ है। उसकी रीडिंग लेने और बिजली चोरी रोकने के लिए ऊर्जा निगम ने सड़क किनारे मिनी ट्रांसफॉर्मर लगाया था। आरोप है कि इस ट्रांसफॉर्मर को न तो कवर किया गया और न ही नियमित रखरखाव किया जा रहा है।हादसे में बुरी तरह झुलसे कमलेश कुमार चौधरी ने बताया कि वह कविता पैलेस के पास बिरयानी खरीद रहे थे। तभी हादसा हो गया। आग का एक गोला उनकी पीठ पर गिरा। इससे उनके शरीर में आग लग गई। वह मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन कोई आग बुझाने आगे नहीं आया। इसके बाद उन्होंने नाली में कूदकर जान बचाई। हादसे में उनके दोनों हाथ और पीठ बुरी तरह झुलस गए। कमलेश का खोड़ा के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, अतुल माथुर ने बताया कि वह दुकान के बाहर बैठे थे। तभी धमाका हुआ और गर्म तेल उनके ऊपर गिर गया।

अधीक्षण अभियंता, ऊर्जा निगम अखिलेश कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। इसमें किसकी गलती है, इसकी जांच अधिशासी अभियंता को दी गई है। नियमानुसार घायलों को सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।