Theft of Silver: गुना में एक झपकी सर्राफा व्यापारी को पड़ी भारी, …शातिर चोर ने 5 किलो चांदी पर हाथ साफ कर दिया

67

Theft of Silver; गुना में एक झपकी सर्राफा व्यापारी को पड़ी भारी, …शातिर चोर ने 5 किलो चांदी पर हाथ साफ कर दिया

गुना :मध्यप्रदेश में गुना के सराफा व्यापारी दुकान में ग्राहक ने होने पर झपकी लेने लगे और चोर ने कांच सरका कर 5 किलो चांदी का बैग साफ कर दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले कोटेश्वर गली के पास छोटा सराफा एक बुजुर्ग दुकानदार को आराम करना भारी पड़ गया. दरअसल, इन दिनों सोने-चांदी के दामों में आ रहे उतार-चढ़ाव के कारण बाजार में ग्राहकी कम है. ऐसे में सुस्त बैठे एक बुजुर्ग सर्राफ दुकान में लेटकर टीवी देखने लगे. इसी दौरान उनको झपकी लग गई.
ठीक उसी समय घात लगाए बैठे एक शातिर ने बड़े ही शातिराना अंदाज में काउंटर का कांच खोला और भीतर रखा करीब 5 किलो चांदी से भरा बैग पार कर दिया. यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. घटना के बाद सर्राफा कारोबारी ने कोतवाली थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मुकदमा कायम कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

पिता को छोड़ दर्शन करने गया था बेटा

जानकारी के अनुसार, त्रिमूर्ति कॉलोनी निवासी मनोज कुमार जैन (40) ने अपने बुजुर्ग पिता सुमेरचंद जैन के साथ कोतवाली थाने आकर रिपोर्ट दर्ज कराई. फरियादी मनोज ने बताया कि छोटा सराफा बाजार में उनकी मनोज ज्वेलर्स के नाम से सोने-चांदी की दुकान है. शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे वे पिता सुमेरचंद जैन को दुकान पर छोड़कर बड़े जैन मंदिर दर्शन करने चले गए थे. इसके करीब एक घंटे बाद उनका छोटा भाई संदीप जैन दुकान पर पहुंचा और दोपहर 3 बजे मनोज भी खुद दुकान पर वापस आ गए.
रात 8 बजे पता चली चोरी

दिनभर व्यापार सामान्य चलने के बाद जब रात करीब 8 बजे दुकान बढ़ाने का समय आया, तब मनोज ने अपने पिता से पूछा कि चांदी से भरा वह बैग कहां है, जो दोपहर में काउंटर के पास रखा था? इस पर पिता सुमेरचंद जैन ने कहा कि शायद वह बैग तिजोरी के अंदर सुरक्षित रख दिया गया होगा. जब मनोज ने तिजोरी खोलकर देखी तो उनके होश उड़ गए, क्योंकि वहां चांदी का बैग गायब था. बैग के भीतर करीब 5 किलो कच्ची चांदी (जो गलने के बाद लगभग 3 किलो 500 ग्राम पक्की चांदी बनती है) रखी हुई थी.

फुटेज देखकर उड़ गए होश!
तिजोरी में बैग न मिलने पर जब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, तो दोपहर करीब 2:10 बजे की वारदात देखकर सब दंग रह गए. फुटेज में साफ दिखाई दे रहा कि सुमेरचंद जैन आराम करने के लिए दुकान में ही लेटे थे और टीवी चल रहा था. इसी दौरान जैसे ही उनकी आंख लगी, एक अज्ञात नकाबपोश चोर अत्यंत चालाकी से दुकान के बाहर से ही उसने काउंटर का शीशा धीरे से खिसकाया और उसमें रखा चांदी से भरा बैग निकालकर अपने साथ लाए थैले में रख लिया.
पुलिस फुटेज के आधार पर कर रही जांच
वारदात को अंजाम देने के बाद जाते हुए आरोपी का रूट भी कैमरों में ट्रेस हुआ है. बदमाश चोरी करने के बाद पहले कोटेश्वर मंदिर वाली गली की तरफ आराम से जाता दिखा, लेकिन फिर वह वापस लौटकर आया और मनोज ज्वेलर्स की दुकान के ठीक सामने से ही बेखौफ निकलते हुए मंडी पुलिया और उदासी आश्रम के रास्ते शहर से बाहर निकल गया. पीड़ित व्यवसायी की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर के हुलिए की शिनाख्त कर रही है और सराफा बाजार के अन्य कैमरों की भी मदद ली जा रही है.