खटकरम की नहीं, जरूरत नेकी की !

56

खटकरम की नहीं, जरूरत नेकी की !

अन्ना दुराई

आजकल कई मौकों पर गुंडई दिखाई पड़ती है। राजनीति का आवरण ओढ़कर न जाने ये क्या क्या कर जाते हैं। कभी किसी को डरा चमका देते हैं। सामने वाले को खतरे दिखाते हैं। कभी मनमानी करते हैं। जन सामान्य को अपने हिसाब से चलाते हैं। कभी किसी से धन ऐंठ लेते हैं। कभी सशुल्क काम कराने की जिम्मेदारी लेते हैं तो कभी तनातनी और बलवा करते हैं। आखिर कौन लोग हैं ये। इनमें से अधिकांश को न आप जानते हैं न हम। फिर इनको इतनी ताकत कहां से मिलती है। न तो किसी तरह की जनसेवा करके ये नेता कार्यकर्ता बने हैं न इन्हें जनता के दुख दर्द से कुछ लेना है। जगह जगह टोलियों में ये घुमते हैं और आए दिन बखेड़ा खड़ा करते हैं। न जाने इतनी शक्ति इनको कहा से मिलती है। उद्योगपति हो या व्यापारी, नौकरी पेशा हो या डॉक्टर इंजीनियर, अपने को अमीर खास समझने वाला वर्ग हो या आम जन सामान्य, सभी इनके निशाने पर होते हैं। इनसे मौके बेमौके परेशान रहते हैं। क्या कारण है कि ये कभी पुलिस प्रशासन की नजर में नहीं आते। चौराहे चौराहे पर चेकिंग के नाम पर भली जनता की इज्जत उतारने वाली पुलिस क्यों कभी इन पर हाथ नहीं डाल पाती। ड्रोन से नजर रखने का दावा करने वाली पुलिस को कभी ये नजर नहीं आते। प्रशासन क्यों मौके मौके पर मौन धारण कर लेता है।

अब तो समय बेसमय घटने वाली घटनाओं में सही गलत के भी कोई मायने नहीं रहे। किस को सही साबित करना हो या किस को गलत, इसके भी तरीके हैं। जीताना हो तो 2 का पहाड़ा या केट की स्पेलिंग पूछ लो। हराना हो तो 77 का पहाड़ा या चेकोस्लोवाकिया की स्पेलिंग पूछ लो। कहने से तात्पर्य यह है कि आजकल किसी के सही गलत होने का फैसला भी पुलिस प्रशासन नहीं उनकी वास्तविक आका सरकारें ही करती है। सरकार जिसे चाहे निर्दोष बता सकती है या जिसे चाहे गुनाहगार या दोषी। घोर कलयुग है, इसमें सब ऐसे ही चलेगा, इस धारणा को बदलना होगा। खटकरम की बजाय नेकी से जनता के दिलों में स्थान बनाना होगा। बुराई की बजाय अपनी अच्छाई के बल पर चुनाव जीतने की राह बनाना होगी। धर्म की आड़ लेकर हो रहे अधर्म को थामना होगा। अहित की बजाय आम जनता के हितों को साधकर उनके दुखड़ों को कम करना होगा। बद्दुआ की बजाय दुआओं से लक्ष्य साधना होगा। बूरों की बजाय अच्छों के नेता कहलाने के लिए अपने आप को बदलना होगा। ये हुआ तो बूरों को भी अच्छा बनने में ज्यादा समय नहीं लगेगा।