दिग्विजय पर हो सकती है FIR, शिवराज के बयान के बाद BJP ने दर्ज कराई शिकायत

652

भोपाल:पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ राज्य सरकार धार्मिक उन्माद फैलाने के मामले में केस दर्ज कर सकती है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा के द्वारा दिग्विजय सिंह के ट्वीट को लेकर दिये बयान के बाद भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा और जिला भोपाल भाजपा ने पूर्व सीएम दिग्विजय के खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में रिपोर्ट दर्ज करने के लिए शिकायत दर्ज कराई है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसको लेकर कैबिनेट की बैठक के पहले भी मंत्रियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह प्रदेश में धार्मिक उन्माद फैलाने का काम कर रहे हैं। ये अपराध है जो क्षमा योग्य नहीं है, सभी वैधानिक कार्यवाही होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश शांति का टापू है, हमारी ड्यूटी है कि हम प्रदेश में शांति स्थापित करें। सीएम चौहान ने कहा कि दो जगह अशांति फैलाने की कोशिश की गई। कुछ घटनाएं हुई हैं, सरकार ने उसको गंभीरता से लिया है। दंगाई कोई भी हो, हम उसको छोड़ेंगे नहीं। गुंडो और दंगाइयों के खिलाफ कार्यवाही जारी है लेकिन इस बीच प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सुबह एक ट्वीट किया था जिसमें धार्मिक स्थल पर युवक भगवा ध्वज फहरा रहा हैं और नीचे निष्पक्ष कार्यवाही में मेरा नाम लिखा है। वह घटना मध्यप्रदेश में हुई ही नहीं, अपने प्रदेश का वह फोटो ही नहीं है, इससे यह सिद्ध होता है कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय प्रदेश में धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रदेश को दंगे की आग में झोंकने की कोशिश कर रहे हैं।

सीएम चौहान ने कहा कि अपने प्रदेश में मैं किसी भी कीमत पर अशांति नहीं होने दूंगा। कोई भी हो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहीं का फोटो कहीं पर लगाकर पूरे प्रदेश में भ्रम फैलाना, प्रदेश में दंगे हो जाएं, इसकी कोशिश करना, यह एक अक्षम्य अपराध है। मध्य प्रदेश एक शांति का टापू है। उसे बनाए रखा जाएगा। सभी।मंत्री अपने प्रभार के जिले में निरंतर चर्चा करते रहें।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आगे हनुमान जयंती का कार्यक्रम है, वह शांतिपूर्वक संपन्न हो। उसके बाद ईद और अन्य त्यौहार है। वह भी निर्विघ्न और शांतिपूर्वक संपन्न हो, यह हमारी ड्यूटी है लेकिन मंत्री अपने प्रभार के जिले में चर्चा करके कानून व्यवस्था बिल्कुल चुस्त-दुरुस्त रखें।

*अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा हैं दिग्विजय-वीडी*

उधर इसी मामले में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडियो शर्मा ने कहा है कि दिग्विजय सिंह का ट्वीट अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा है। सिंह देश और प्रदेश को अस्थिर करने की साजिश में शामिल हैं। शर्मा ने कहा कि वे जांच एजेंसियों और राज्य सरकार से मांग करते हैं कि दिग्विजय सिंह के खिलाफ गंभीरता से जांच कर उनके विरुद्ध कार्यवाही की जाए। शर्मा के इस बयान के बाद प्रदेश भाजपा की टीम जिला भाजपा अध्यक्ष सुमित पचौरी के लेटर हेड पर क्राइम ब्रांच थाने पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय के खिलाफ शिकायत की और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।