यह दो दिन बस भारत के हैं…

यह दो दिन बस भारत के हैं…

भारत जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए तैयार है। दिल्ली में सुपर पावर अमेरिका के राष्ट्राध्यक्ष, दुनिया पर राज करने वाले इंग्लैंड के भारतीय मूल के प्रधानमंत्री, कनाडा के प्रधानमंत्री, चीन के प्रधानमंत्री, अर्जेंटीना के राष्ट्रपति, सिंगापुर के प्रधानमंत्री, तुर्की और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति, संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति सहित दुनिया की शक्तिशाली हस्तियां भारत की राजधानी दिल्ली पहुंच चुकी हैं। आजादी के 76 साल बाद अमृतकाल में जी-20 की अध्यक्षता पाकर भारत कितना खुश है, इसकी गवाही दिल्ली दे रहा है। दिल्ली पर दो दिन पूरी दुनिया की निगाहें रहेंगीं, जहां सुरक्षा के कड़े घेरे में दुनिया की शक्तिशाली हस्तियां भारत का गौरव बढ़ाएगीं। भारत में पहली बार एक साथ दुनिया की इतनी महत्वपूर्ण हस्तियां एक साथ मौजूद रहेंगीं। दुनिया के सर्वाधिक महत्वपूर्ण और संवेदनशील मुद्दों पर दो दिनों तक खास निष्कर्ष निकालकर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सहमति बनाने के प्रयास होंगे। जी20 में आने वाले मेहमानों की सुरक्षा के लिए जमीन से लेकर आसमान तक कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए दिल्ली पुलिस समेत कई केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को लगाया गया है। मेहमानों के लिए भारत मंडपम में जी-20 के थीम सॉन्ग ‘वसुधैव कुटुंबकम’ पर संगीत का खास इंतजाम किया गया है। तो 48 घंटे यह जताने वाले हैं कि यह मोदी और भारत के हैं। तो दिल्ली दो दिन के लिए दुनिया की शक्तिशाली हस्तियों का गढ़ बनेगा, जहां भारत मंडपम पर सबकी नजरें होंगीं।
Prabhatkhabar 2023 09 a8351f2c 82c6 43e4 8820 29f171f8eb54 g 20
दिल्ली के लिए यह समय ऐतिहासिक पलों से भरा है। जब वैश्विक संगठन जी-20 की अध्यक्षता कर भारत कई वैश्विक मुद्दों को सुलझाने में मदद करने जा रहा है। भारत की अध्यक्षता में जी-20 के नेताओं का शिखर सम्मेलन 9 और 10 सितंबर को नई दिल्ली में हो रहा है। देश का सबसे बड़ा इनडोर हॉल यानी भारत मंडपम दुनिया की महाशक्तियों को एक मंच पर लाने के लिए तैयार है। दुनिया के सर्वाधिक शक्तिशाली देश के राष्ट्राध्यक्ष दिल्ली में एक साथ एक वक्त पर एक मंच पर होंगे।
इस समय दिल्ली दुनिया का सबसे सुरक्षित स्थान होगा। पूरी दुनिया की नजरें भारत मंडपम पर होंगी, क्योंकि जी-20 समिट में बड़े-बड़े राष्ट्राध्यक्ष यहां मौजूद रहेंगे। भारत आने वाले नेताओं की सीट में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक पीएम बनने के बाद पहली बार भारत की यात्रा पर होंगे। गर्व की बात है कि ऋषि सुनक भारतीय मूल के हैं। इनके अलावा फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ,जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज भी जी-20 में शामिल हो रहे हैं। जी-20 में चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग नहीं आ रहे हैं, लेकिन चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग शामिल होने भारत आ चुके हैं। वहीं रूस के राष्ट्रपति पुतिन जी-20 में नहीं रहेंगे। उनकी जगह रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव मौजूद होंगे। तो चीन-रूस की मजबूरी सबको पता है। पुतिन की पीड़ा से सब वाफिक हैं और वही जिनपिंग पर सत्ता की हुकूमत का नशा सिर चढ़कर बोल रहा है।
collage 7
समिट में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। उनसे पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, अर्जेंटीना के राष्ट्रपति अल्बर्टो, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री अल्बनीज, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति, इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत पहुंची थीं। बांग्लादेश को भारत की ओर से बतौर अतिथि जी-20 में बुलाया गया है।
जी-20 के लिए भारत पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता करने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति का पीएम आवास पर स्वागत कर खुशी हुई। हमारी बातचीत सफल रही। हमने कई मुद्दों पर चर्चा की जिनमें भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक और सामाजिक संबंधों को आगे बढ़ाना भी शामिल है। दोनों देशों के बीच मित्रता वैश्विक स्तर पर सुधार में अहम भूमिका निभाएगी। वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा भी इस महत्वपूर्ण समागम में शामिल होंगे।सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सेन लुंग भी जी-20 समिट के लिए भारत पहुंच गए हैं।
तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तईप एर्दोगान और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो भी भारत पहुंच गए हैं। अर्जेंटीना के राष्ट्रपति अल्बर्टो फर्नांडीज जी-20 समिट के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं। वहीं, जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा भी शामिल होंगे। फुमियो किशिदा इंडोनेशिया से हैं। वह आसियान समिट के लिए पिछले दिनों जकार्ता पहुंचे थे। कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो भी भारत पहुंचे। ट्रूडो के साथ उनका बेटा जेवियर भी उनके साथ आया है। G-20 समिट में हिस्सा लेने के लिए संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना भी दिल्ली में हैं। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक-योल अपनी पत्नी के साथ भारत में हैं। संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान दिल्ली में हैं। यानि कि यह दो दिन भारत के हैं, जो इतिहास में दर्ज होने वाले हैं…।
Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।