यह दिन मां शारदा और मां पीतांबरा का था …

यह दिन मां शारदा और मां पीतांबरा का था ...

यह दिन मां शारदा और मां पीतांबरा का था …

मध्यप्रदेश में 24 अप्रैल का दिन मां शारदा और मां पीतांबरा माई का था। विंध्य की धरती यानि मैहर की मां शारदा की कृपा का बरसना और दतिया यानि यहां विराजी मां पीतांबरा माई का आशीर्वाद सभी को धन्य कर देता है। अंतर यह कि मां शारदा पर्वत पर डेरा डाले हैं और मां पीतांबरा समतल में आसन लगाए हैं। रीवा में 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विंध्यवासियों को बड़ी सौगातों से नवाजा, तो दतिया में गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की पहल मां पीतांबरा माई की रथ यात्रा के दूसरे वर्ष के समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मां के महालोक के निर्माण की घोषणा कर माई के भक्तों को आनंद से भर दिया।

रीवा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि  भारत को विकसित देश बनाने के लिए गाँवों की सामाजिक, आर्थिक और पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत बनाना होगा। हमारी सरकार ने करोड़ों दीदियों को लखपत दीदी बनाया है। मध्यप्रदेश की नारी शक्ति बधाई की पात्र है।उन्होंने मध्यप्रदेश में विंध्य के नागरिकों को बड़ी सौगातें दीं। और मध्यप्रदेश में विकास और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सरकार के कार्यों की खुलकर सराहना की। मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना में मध्यप्रदेश सरकार ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज कर बेहतरीन कार्य किया है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में मध्यप्रदेश की नारी शक्ति को मैं बधाई देता हूँ। तो मोदी ने मध्यप्रदेश की उपलब्धियों की हर योजना में खुलकर प्रशंसा की।

दतिया में पीताम्बरा माई के प्राकट्य महोत्सव पर लगातार दूसरी बार रथयात्रा का आयोजन ऐतिहासिक होने के साथ अद्भुत था। पूरे दतिया में चारों ओर उत्सह और उमंग का वातावरण रहा। इसमें दतिया ही नहीं प्रदेश और देश के श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से शामिल होकर माहौल को अलौकिक बना दिया। चारों ओर धर्म-प्रेमी जनता ने पीतवर्णी वस्त्र धारण कर महोत्सव को भव्यता प्रदान की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी माई के भक्त बन समारोह में लगातार दूसरी बार शामिल हुए। उन्होंने बड़ी सौगात देते हुए कहा कि माई महालोक निर्माण के लिये गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, ट्रस्ट अध्यक्ष, विद्वानों और संतों के साथ मिल कर कार्य-योजना बनायें। कार्य-योजना के अनुरूप शीघ्र कार्य प्रांरभ किया जायेगा। दतिया के विकास में धन की कमी नहीं आने दी जायेगी। एक समय मध्यप्रदेश का बजट मात्र 21 हजार करोड़ हुआ करता था। आज माई की कृपा से प्रदेश का बजट 3 लाख 14 हजार करोड़ रूपये हो गया है। उन्होंने माई के चरणों में नमन करते हुए प्रदेश के विकास और प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अभूतपूर्व है अपना दतिया, यहाँ विराजी माँ पीताम्बरा की कृपा पूरे मध्यप्रदेश पर बनी हुई है। उनकी कृपा से दतिया में भव्य पीताम्बरा माई महालोक का निर्माण किया जायेगा।

तो मध्यप्रदेश में 24 अप्रैल धर्म और विकास का दिन रहा। तो 25 अप्रैल को राजधानी भोपाल में आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास द्वारा आचार्य शंकर प्रकटोत्सव ‘एकात्म पर्व’ मनाया जायेगा। यही कामना है कि मां शारदा और मां पीतांबरा का आशीर्वाद मध्यप्रदेश की साढ़े आठ करोड़ आबादी पर बना रहे और प्रदेश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करता रहे। धर्म, संस्कृति और विकास की त्रिवेणी मध्यप्रदेश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाती रहे…।

Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।