‘पन्ना’ नहीं यह पूरे ‘बुंदलेखंड’ के लिए गौरव का दिन है…

402

‘पन्ना’ नहीं यह पूरे ‘बुंदलेखंड’ के लिए गौरव का दिन है…

कौशल किशोर चतुर्वेदी

पन्ना में यदि कोई राजा है तो वह जुगल किशोर जी महाराज हैं। खुद महाराजा छत्रसाल का नाम जुगल किशोर महाराज के बाद ही आता है। ऐसे में यदि छत्रसाल जयंती पर जुगल किशोर लोक के कार्यों का भूमिपूजन होता है, तो यह गौरवान्वित करने वाली बात है। यह केवल पन्ना का गौरव नहीं, बल्कि पूरे बुंदेलखंड का सम्मान है। क्योंकि पन्ना के जुगल किशोर और महाराजा छत्रसाल पूरे बुंदलेखंडवासियों के दिलों में बसते हैं। खजुराहो-पन्ना संसदीय क्षेत्र के सांसद विष्णुदत्त शर्मा यदि संसदीय क्षेत्र को मिली सौगातों का श्रेय मोदी-मोहन सरकारों को दे रहे हैं, तो निश्चित तौर पर पन्ना-खजुराहो संसदीय क्षेत्र की जनता सौगातों का श्रेय स्थानीय सांसद विष्णुदत्त शर्मा को देकर खुश होती होगी। क्योंकि खजुराहो संसदीय क्षेत्र के विकास के हर दिन नए कीर्तिमान गढ़ने की सतत पारी अगर जारी है तो स्थानीय सांसद विष्णुदत्त शर्मा को इसका असली हकदार माना जा सकता है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने 29 मई 2025 को पन्ना में जुगल किशोर लोक निर्माण का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पन्ना में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुगलों के समय में भी महाराजा छत्रसाल ने अपने पराक्रम व पुरूषार्थ से बुंदेलखंड और देश को गौरवान्वित किया है। मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश के स्कूल-कॉलेज में महाराजा छत्रसाल का जीवन पाठ्यक्रम में शामिल कर छात्रों को पढ़ाएगी। अजयगढ़ अस्पताल का उन्नयन किया जाएगा। चंदेल कालीन तालाबों को पुनर्जीवित किया जाएगा। बृजपुर में महाविद्यालय खोला जाएगा। इसके साथ ही आल्हा-ऊदल का उत्सव भी मनाया जाएगा। निर्माणाधीन छत्रसाल स्टेडियम को पूरा करने आवश्यक राशि हमारी सरकार देगी। मुख्यमंत्री ने पन्ना नगर में 200 साल से निकाली जाने वाली जगन्नाथ यात्रा को धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास में शामिल करने की भी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि पन्ना और समूचा बुंदेलखंड शूरवीरों की धरती है। यहां कदम कदम पर हीरे बिखरे हुए हैं। पन्ना के जंगल, जहां से बाघ एक समय में गायब हो गए थे, आज फिर से बाघों की वापसी से आनंदित है। पन्ना एक विशेष नगरी है। पन्ना प्राणनाथ, भगवान जुगल किशोर और रणबाकुरों की नगरी है। देश में सबसे अच्छे हीरे हमारे पन्ना जिले में पाए जाते हैं। शराब के कारण परिवार के परिवार बर्बाद हो जाते हैं, इसलिए हमारी सरकार ने पन्ना सहित 19 धार्मिक नगरियों में शराब की दुकान बंद करने का काम किया है।

वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने पन्ना में जुगल किशोर लोक भूमिपूजन, विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश की सरकार द्वारा किए गए विकास ने पन्ना की पहचान को विश्व पटल पर स्थापित किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पन्ना के विकास को सतत आगे ले जा रहे हैं। आने वाले दिनों में पन्ना के विकास को चार चांद लगेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पन्ना जिले को दी गई सौगातों को लेकर आमजन व जनप्रतिनिधियों की तरफ से अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि भगवान जुगल किशोर लोक के निर्माण से पन्ना सहित समूचे बुंदेलखंड क्षेत्र में धर्म व आध्यात्म की बहार आने के साथ औद्योगिक विकास को भी और गति मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जुगल किशोर लोक का भूमिपूजन करने के साथ 90 करोड़ 60 लाख, 40 हजार से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन और 14 करोड़ से अधिक के कार्यों का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को अनेकों सौगातें दी हैं। श्री जुगल किशोर लोक के निर्माण से श्रद्धालुओं का आवागमन बढ़ेगा, जिससे क्षेत्र की विकास को और गति मिलेगी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में प्रदेश के मुख्यंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश सहित विशेष रूप से पन्ना के विकास को सतत आगे ले जा रहे हैं। भाजपा सरकार ने पन्ना में मेडिकल कॉलेज, एग्रीकल्चर कॉलेज के साथ अस्पताल की सौगात दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्वविख्यात हीरा उत्खनन की धरती पन्ना में एनएमडीसी के डायमंड पार्क और डायमंड म्यूजियम की सौगात दी है, जो इस क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। आने वाले दिनों में पन्ना के विकास को चार चांद लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। धर्म, संस्कृति, व आध्यात्म की धर्मध्वजा को आगे ले जाने वाले महाराज छत्रसाल की जयंती पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने शासकीय आकाश घोषित किया है। जयंती पर शासकीय अवकाश का निर्णय मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार का महाराज छत्रसाल के प्रति सम्मान को दर्शाता है।

पन्ना में गौरव दिवस की साक्षी तिरंगा यात्रा भी बनी। तो वाकई महाराजा छत्रसाल के शौर्य, पराक्रम व पुरूषार्थ से इतिहास गौरवान्वित है। महाराजा छत्रसाल ने अपने पुरूषार्थ और पराक्रम से मुगलों के उस कठिन दौर में आतातायियों से लड़कर भारत का मान-सम्मान बढाया है और आज सूर्य बनकर चमक रहे हैं। उनकी जयंती पर पन्ना ही नहीं बल्कि पूरा बुंदलेखंड गौरवान्वित है। तो वास्तव में कृष्ण के साक्षात स्वरूप में पन्ना में विराजे जुगल किशोर हर दर्शनार्थी के मन को प्रफुल्लित कर नई ऊर्जा से भर देते हैं। तो जुगल किशोर लोक निर्माण कार्यों का भूमिपूजन सभी भक्तों को सरकार की तरफ से बड़ी सौगात है। यही उम्मीद है कि हर गौरव दिवस पर पन्ना को मिली सौगातों का सिलसिला हर साल यूं ही चलता रहे, श्रेय भले ही किसी को भी मिले…।