

Threat to MP Minister : MP के मंत्री विजय शाह को जान से मारने की धमकी, धमकाने वाला गिरफ्तार!
Khandwa : एक बदमाश ने सोशल मीडिया पर मध्य प्रदेश सरकार के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह को जान से मारने की धमकी दी। उन्हें जान से मारने का धमकी भरा पोस्ट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया गया। इसके बाद से हड़कंप मच गया। इसपोस्ट के बाद मंत्री की सुरक्षा बढ़ा दी गई और आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया। धमकी के बाद से रजूर गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
एक कॉल रेकॉर्डिंग भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई। उसके बाद सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। मुकेश दरबार के खिलाफ हरसूद थाने में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी को जल्द ही हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरु कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है, और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी
सामने ऑडियो रिकॉर्डिंग भी आई
आरोपी मुकेश दरबार ने अपनी पोस्ट में लिखा ‘हरसूद विधायक तेरी मौत तय है। तीन दिन में तेरा मर्डर हो जाएगा, बच सके तो बच।’ एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई है। इसमें एक शख्स कह रहा है ‘मेरा दिमाग खराब है, मैं 4 पेशी में गया, उसको मारना है, भले मैं जेल चला जाउंगा। मंत्री को बोल दो, तीसरे दिन मार दूंगा। ये बात तय है।’
धमकी के बाद मंत्री विजय शाह के जोगीबेड़ा स्थित वेयरहाउस पर हजारों समर्थक जुट गए। हालात को देखते हुए कलेक्टर ऋषभ गुप्ता, एसपी मनोज कुमार राय और एडिशनल एसपी राजेश रघुवंशी भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन सतर्क है। कलेक्टर-एसपी ने शुक्रवार को मंत्री विजय शाह के निवास पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुकेश को जिला पंचायत चुनाव लड़वा चुकी कांग्रेस
2022 में हुए जिला पंचायत चुनाव के दौरान कांग्रेस ने मुकेश दरबार को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित करते हुए समर्थन दिया था। उधर भाजपा की तरफ से मैदान में मंत्री विजय शाह के बेटे दिव्यादित्य शाह थे। चुनाव के दौरान मंत्री और उनके परिवार ने प्रचार किया। इस चुनाव में मंत्री पुत्र दिव्यादित्य ने मुकेश दरबार को 72 हजार वोटों से चुनाव हराया था।
मुकेश दरबार सोशल मीडिया पर हमेशा मंत्री विजय शाह को लेकर मुखर रहते हैं। विजय शाह विरोधी छवि होने की वजह से कांग्रेस भी समर्थन देती रही। यहीं कारण रहा कि मुकेश दरबार ने 2023 के विधानसभा चुनाव में मंत्री विजय शाह के खिलाफ कांग्रेस से टिकट मांग लिया। कांग्रेस ने पूर्व प्रत्याशी को ही मैदान में उतार दिया। टिकट न मिलने से नाराज मुकेश दरबार ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ पोस्ट की। राहुल गांधी के खिलाफ भी टिप्पणी कर दी। कांग्रेस ने दरबार को पार्टी से निकाल दिया।
पुलिस ने बढ़ाई मंत्री की सुरक्षा
मंत्री विजय शाह को लेकर धमकी भरा पोस्ट करने वाले आरोपी मुकेश दरबार के खिलाफ फिलहाल हरसूद थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी ने 2 दिन के अंदर मंत्री को पूरे परिवार के साथ खत्म करने की धमकी दी है। पुलिस ने मंत्री और परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है।