
तबादलों का आज आखिरी दिन, अब तक अधिकांश विभागों ने नहीं किए ट्रांसफर,नहीं बढ़ेगी तारीख!
भोपाल: मध्यप्रदेश में तबादलों से हटाए गए प्रतिबंध का आज पंद्रह जून को आखिरी दिन है। अभी तक अधिकांश विभागों में तबादला सूचियां जारी नीं हो पाई है। कल आखिरी दिन थोक मेंं तबादला सूचियां जारी की जाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव स्पष्ट कर चुके है कि जो भी तबादले किए जाने है वे समय सीमा के भीतर कर दिए जाए, इस बार तबादलों की समय सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी।
विभागों में तबादला सूचियां बनकर तैयार है। मंत्रियों के अनुमोदन के बाद तबादला सूची फाइनल की जाएंगी। राज्यसभा चुनाव में मंत्रियों के व्यस्त होंने के कारण कई विभागों में तबादला सूचियां फाइनल नहीं हो पाई। इस बार विभाागों में स्वैच्छिक तबादलों के लिए आनलाईन आवेदन मंगाए गए है। कई विभागों ने तीन साल पूरे करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों से तीन-तीन स्थानों के विकल्प मंगाए थे। इसके आधार पर उनके तबादले किए जाने है। सबसे पहले 89 ट्राइबल ब्लॉक में रिक्त स्थानों को भरने की कवायद की जा रही है। इसके बाद प्रशासनिक आधार पर और मंत्रियों तथा जनप्रतिनिधियों की सिफारिशों के आधार पर तबादला सूचियां तैयार की गई है। मंत्रियों और विधायक, सांसदों से पटरी नहीं बिठा पा रहे अफसरों के नाम भी तबादला सूचियों में है। मंत्रालय और मंत्रियों के बंगलों पर भी तबादलो के आखिरी दिनों में चहल पहल बढ़ गई है। तबादला कराने के इच्छुक कर्मचारी उनके रिश्तेदार इन दिनों मंत्रियों के चक्कर लगा रहे है। शनिवार और रविवार को छुट्टी के दिनों में भी मंत्रियों के बंगलों पर चहल पहल बनी रही। मंत्रालय के कई कक्षों में छुट्टियों के दिन भी काम होता रहा। तबादला सूचियों को अंतिम रुप दिया जा रहा है।
नगरीय निकायों में आठ सौ आवेदन आनलाईन-
नगरीय प्रशासन विभाग ने आनलाईन आवेदन ट्रांसफर के लिए बुलाए थे। लगभग आठ सौ से अधिक कर्मचारियों ने आवेदन किए है। मंत्री के स्तर पर अनुमोदन के बाद ये तबादला सूची नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के अनुमोदन के बाद जारी की जाएंगी। अलग अलग निकाय स्तर पर भी ट्रांसफर की सूचियां तैयार की गई है। ये भी आखिरी दिन जारी होंगी।
लोक निर्माण विभाग में छुट्टी के दिन हुए तबादले-लोक निर्माण विभाग ने शनिवार को अवकाश के दिन तबादले आदेश जारी किए। चार SE को प्रभारी मुख्य अभियंता बनाया गया है। चौदह सहायक यंत्रियों को प्रभारी अधीक्षण यंत्री बनाते हुए उनके नवीन पदस्थापना आदेश जारी किए गए है।अनिल कुमार आठिया को दमोह से नौगांव छतरपुर, दिलीप बिगोनिया को शहडोल से गुना, बत्तूलाल भलावी को सिवनी में प्रभारी अधीक्षण यंत्री, वसीम खान को ग्वालियर से सेतु परिक्षेत्र भोपाल, दिनेश कौरव, जीपी पटले को जबलपुर, मयंक शुक्ला को प्रमुख अभियंता भवन भोपाल, अनुराग सिंह को नर्मदापुरम, शिवेन्द्र सिंह को जबलपुर से भोपाल, हृदयेश आर्य को जबलपुर से शहडोल, सुभाष पाटिल को भोपाल मंडल एक, सीमा प्रभाकर को देवास से राजधानी परियोजना भोपाल,पवन प्रजापति को ग्वालियर,पंकज ओझा को भोपाल से राजधानी परियोजना परिक्षेत्र भोपाल पदस्थ किया गया है। वहीं एक अन्य आदेश में 22 सहायक यंत्रियों को प्रभारी कार्यपालन यंत्री बनाकर अन्यत्र ट्रांसफर किया गया है। वहीं सोलह उप यंत्रियों को प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी और प्रभारी सहायक यंत्री बनाकर उनकी भी नवीन पोस्टिंग की गई है। लोक निर्माण विभाग में अभी लिपिकों और अन्य कर्मचारियों के तबादले किए जाने है।
शिक्षा विभाग, जनजातीय कल्याण , पंचायत, राजस्व, स्वास्थ्य विभाग में सूचियां तैयार-
स्वास्थ्य विभाग, पंचायत, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, जनजातीय कल्याण कृषि विभाग में भी तबादलों के लिए सूचियां व्यापक स्तर पर तैयार हो चुकी है। उम्मीद की जा रही है कि आज सोमवार को ये सभी सूचियां जारी हो जाएंगी।




