Trial Run of Metro Train : प्रदेश की पहली मेट्रो ट्रेन के ट्रायल रन का फ्लैग ऑफ किया!

मेट्रो ट्रेन उज्जैन और पीथमपुर तक चलेगी, CM ने सफर कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया! 

1191

Trial Run of Metro Train : प्रदेश की पहली मेट्रो ट्रेन के ट्रायल रन का फ्लैग ऑफ किया!

Indore : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज इंदौर में मेट्रो ट्रेन के ट्रायल रन समारोह को सम्बोधित करते हुए घोषणाएं की, कि इंदौर शहर तथा आसपास के क्षेत्र के समन्वित विकास के लिए मेट्रोपॉलिटन अथॉरिटी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मेट्रो ट्रेन अब इंदौर से उज्जैन और इंदौर से पीथमपुर तक भी चलेगी। हमारा संकल्प है कि 2028 के सिंहस्थ में लोग बाबा महाकाल के दर्शन करने मेट्रो ट्रेन से जायें। उन्होंने इंदौर शहर के गांधीनगर क्षेत्र में रजिस्ट्री पर लगी रोक को हटाने की प्रक्रिया तेज करने की घोषणा भी की।

आज लोक परिवहन सेवा के क्षेत्र में इंदौर सहित पूरे प्रदेश में के इतिहास में नया स्वर्णिम अध्याय लिखा गया। मुख्यमंत्री ने आज प्रदेश की पहली मेट्रो ट्रेन ट्रायल ट्रेन का फ्लैग ऑफ किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पादपूजन कर किया गया। इंदौर में 7500 करोड़ रुपए की लागत से विश्व स्तरीय इंदौर मेट्रो ट्रेन परियोजना का निर्माण पूर्ण होने से नागरिकों को तेज, सुरक्षित, आधुनिक और आरामदेह सफर की सुविधा उपलब्ध होगी। इस सेवा से 7 लाख यात्री प्रतिदिन यात्रा कर सकेंगे। हर मेट्रो ट्रेन में तीन कोच होंगे। इंदौर में कुल 25 मेट्रो ट्रेन संचालित की जाएगी। इन मेट्रो ट्रेनों की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रहेगी।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर में एक नया दौर प्रारंभ हो रहा है। इंदौर मेरे सपनों का शहर है, इंदौर स्वच्छतम शहर है, इंदौर स्मार्ट शहर है, इंदौर आईटी सिटी है, इंदौर हाईटेक सिटी है। इंदौर ने टेम्पो से लेकर मेट्रो तक का सफर तय किया है। मुख्यमंत्री ने मेट्रो के एमडी मनीष सिंह और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेट्रो की टीम ने युद्ध स्तर पर कार्य किया है, इसलिए मेट्रो की पूरी टीम बधाई की पात्र है।

उन्होंने उपस्थित जनों से अपील की कि मेट्रो ट्रेन का अधिक से अधिक उपयोग करें। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि आगामी 2028 के सिंहस्थ में श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन करने मेट्रो ट्रेन से उज्जैन जायें। मेट्रो ट्रेन का विस्तार उज्जैन तक किया जाएगा। साथ ही पीथमपुर तक भी मेट्रो चलाई जाएगी। इसके लिए सर्वे का कार्य भी पूर्ण हो गया है।

IMG 20230930 WA0091

मुख्यमंत्री ने घोषणा की, कि इंदौर में मेट्रोपॉलिटन अथॉरिटी बनाई जाएगी। इससे इंदौर सहित आसपास के क्षेत्रों का समन्वित विकास होगा। उन्होंने कहा कि गांधीनगर में रजिस्ट्री पर लगी बेन को हटाने की प्रक्रिया तेज की जायेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले मेट्रो कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों और इंजीनियरों का सम्मान भी किया।

व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया 

मुख्यमंत्री ने फ्लैग ऑफ के बाद मेट्रो की सवारी की। उन्होंने मेट्रो ट्रेन में बैठकर व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारीगण तथा शहर के अन्य गणमान्य नागरिक भी उनके साथ थे। उन्होंने भी सफर किया। यह मेट्रो ट्रेन गाँधी नगर स्थित स्टेशन से प्रारंभ होकर सुपर कॉरिडोर पर ही बने अगले स्टेशन पर पहुंची। यहां मुख्यमंत्री उतरे और नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया। इंदौर शहर के नागरिकों ने भी मेट्रो ट्रेन के सपने का साकार होते देख अपनी खुशियां व्यक्त की।

 

इतिहास के साक्षी बने समाज के हर वर्ग

इंदौर में लिखे गए इस इतिहास के साक्षी बनने के लिए आज समाज के हर वर्ग के लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मेट्रो ट्रायल रन का फ्लैग ऑफ करने के बाद मेट्रो में जनप्रतिनिधियों तथा अन्य प्रबुद्धजनों के साथ यात्रा भी की। कार्यक्रम में विशेष रूप से शिक्षा, उद्योग, सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक तथा अन्य संगठन, संस्थाओं और एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद थे। कार्यक्रम में नागरिकों में अपार और उमंग देखा गया। हजारों की संख्या में लोग विशेष महिलाएं इस इतिहास के साक्षी बनने के लिये मौजूद थे।