
Ujjain News: ग्रीन सिंहस्थ की थीम पर 10 लाख पौधे लगाए जाएंगे, 7 दिन में प्लान तैयार कर बताएं-संभागायुक्त श्री सिंह
उज्जैन। सिंहस्थ 2028 के विश्व स्तरीय आयोजन के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर विकास कार्यों के निर्माण कार्य जारी है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशानुरूप सिंहस्थ महापर्व को ग्रीन सिंहस्थ की थीम पर आयोजित करने के लिए प्लानिग प्रारंभ हो गई है। इसके तहत नई सड़कों, पंचक्रोशी मार्ग, शिप्रा नदी पर नवीन घाटों के किनारों पर फल-फूलदार पौधों को रोपण किया जाएगा। विकास कार्यो को कराने वाले विभागों को 10 लाख पौधा रोपण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह ने विभागों को सात दिन में पौधारोपण करने की प्लानिग करने के निर्देश दिए है। बैठक में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा भी मौजूद रहे।
सिंहस्थ मेला कार्यालय के सभागार में बुधवार को संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह की अध्यक्षता में सड़कों के सौंदर्यीकरण के लिए पौधारोपण करने के संबंध में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिंहस्थ महापर्व के आयोजन के पहले तैयार हो रही नवीन सड़कें, नए घाट और पंचक्रोशी मार्ग को मिलाने वाली सड़कों पर वृहद स्तर पर पौधारोपण करने की तैयारी के निर्देश संभागायुक्त श्री सिंह ने दिए है। बैठक में बताया गया कि वन विभाग के माध्यम से पंचक्रोशी मार्ग पर तीन चरणों में पौधारोपण किया जाएगा। इस वर्ष बारिश के सीजन में करीब 15 हजार पौधारोपण करने की तैयारी की है।
पौधे बड़े आकार के होने के साथ ही सुरक्षा के लिए ट्रीगार्ड भी लगाए जाएंगे। संभागायुक्त श्री सिंह ने वन विभाग को पंचक्रोशी मार्ग के साथ ही शिप्रा नदी के किनारे नए घाट के एक साइट में फूलदार पौधे लगाने के लिए प्लान तैयार करने के निर्देश दिए है।
अमलतास, गुल मोहर, नील मोहर, पलाश जैसे गर्मी में खिलने वाले फूलों के पौधों से सजेंगे रोड 274 किमी लम्बे रोड के दोनों साइड और बीच मे भी पौधों को लगाया जायेगा।
बैठक में उद्यानिकी विभाग को शिप्रा नदी के किनारे प्रायवेट जमीन पर किसानों को फलदार पौधारोपण करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश संभागायुक्त श्री सिंह ने दिए। इसके अलावा उद्यानिकी विभाग को अमलतास, पलाश, गुलमोहर जैसे फूलदार पौधा उपलब्ध कराने के लिए भी निर्देश दिए।
संभागायुक्त श्री सिंह ने कहा कि सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत नई सड़कों का निर्माण कराने वाले विभागों को सड़क के दोनों साइट ऐसे पौधे लगाए जाएं जो गर्मी के मौसम में फूल देते है। सड़क के दोनों साइट दो से ढाई मीटर क्षेत्र में पौधारोपण करने का प्लान तैयार कर लें। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि नई निर्मित सड़क पर थीम के आधार पर पौधारोपण करने का प्लान बनाए जिससे सिंहस्थ महापर्व आयोजन तक पौधे बड़े होकर सुंदर कोरिडोर का लुक दे सकें।
संभागायुक्त ने बैठक में सभी विभागों को अगले सात दिनों में पौधारोपण करने के लिए स्थान चिन्हित करने का पूरा प्लान तैयार करने के निर्देश दिए है जिससे ग्रीन सिंहस्थ की थीम पर आने वाले समय में पौधारोपण किया जा सके।
सिंहस्थ महापर्व में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जल संसाधन विभाग के माध्यम से शिप्रा नदी के 29 किलोमीटर क्षेत्र में निर्माणाधीन नवीन घाट निर्माण के साथ ही घाट के एक साइट डेढ़ मीटर की दूरी पर पौधारोपण करने के निर्देश दिए है। बैठक में नगर निगम, वन विभाग, उज्जैन विकास प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, उद्यानिकी विभाग, लोक निर्माण विभाग (सिंहस्थ), नमामि शिप्रे के अधिकारी मौजूद रहे।





