MP में बड़ी ग्राम पंचायतों में खुलेंगे उप लोक सेवा केंद्र, अब खसरे की नकल भी 181 सेवा से लिंक होकर व्हाट्स एप पर मिल सकेगी

MP में बड़ी ग्राम पंचायतों में खुलेंगे उप लोक सेवा केंद्र, अब खसरे की नकल भी 181 सेवा से लिंक होकर व्हाट्स एप पर मिल सकेगी

713

 

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने की जन कल्याण की नई घोषणाएं

Bhopal: मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में नागरिकों को मिल रही विभिन्न सेवाओं की व्यवस्था को और अधिक पुख्ता किया जाएगा। इसके अंतर्गत लोक सेवा केंद्रों का विस्तार तहसील से आगे ग्राम पंचायत स्तर तक होगा। आने वाले एक साल में पांच हजार से अधिक आबादी वाली ग्राम पंचायतों में उप लोक सेवा केंद्र स्थापित होंगे। नागरिकों को उनके द्वार पर सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। नागरिकों को खसरा की प्रति, सिर्फ 10 रूपये प्रति पृष्ठ उपलब्ध करवाई जाएगी। यह सेवा 181 जनसेवा पर रजिस्टर्ड व्हाट्स एप नम्बर पर भी भेजने की सुविधा शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मिंटो हाल सभाकक्ष भोपाल में 17 सितम्बर से प्रारंभ हुए जनकल्याण और सुराज अभियान के समापन दिवस पर संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सिंगल क्लिक से सात नये पोर्टल और आठ लोक सेवा केंद्र प्रारंभ किए। सामान्य प्रशासन विभाग,नगरीय विकास,योजना एवं सांख्यिकी,गृह और ऊर्जा विभागों के नवीन पोर्टल प्रारंभ किए गए। इन पोर्टल से नागरिकों को मिलने वाली जन सुविधाएं बढ़ेंगी और उनके कार्य आसान होंगे। अब गृह विभाग के पोर्टल पर ई एफआईआर हो सकेगी।

ई-रुपी व्यवस्था ई-वाउचर के रूप में लागू होगी

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में “ई-रुपी” की व्यवस्था को ई-वाउचर के रूप में लागू किया जाएगा। आयुष्मान भारत के अंतर्गत मरीजों की उपचार राशि एवं छात्रवृत्ति के भुगतान के लिए “ई-रुपी” के माध्यम से सीधे हितग्राहियों को विशिष्ट प्रयोजन के उद्देश्य से कैश बेनिफिट ट्रांसफर किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि 15 नवम्बर से 15 जनवरी तक हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ सभी हितग्राहियों को मिल रहा है या नहीं, इसे अभियान चलाकर सुनिश्चित किया जायेगा।

प्रधानमंत्री श्री मोदी बना रहे हैं वैभवशाली भारत

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर कार्य करते हुए 20 सफल वर्ष पूर्ण किए हैं। उन्होंने आम जनता के लिए पारदर्शी व्यवस्था शुरू की।हितग्राहियों के खाते में सीधे राशि भेजने की व्यवस्था से अनियमितताएं समाप्त हो गई हैं। सुराज का मतलब भी यही है कि निश्चित समय सीमा में सेवाएं प्राप्त हों। प्रधानमंत्री श्री मोदी वैभवशाली,गौरवशाली,शक्तिशाली भारत के निर्माण में जुटे हैं। उन्होंने गुजरात मॉडल प्रस्तुत किया। वे विकास,सुराज और जनकल्याण की त्रिवेणी हैं। देश में उज्जवला योजना, किसानों को सम्मान निधि, सस्ता राशन, सभी को इलाज की सुविधा, गरीबों के लिए मकान और सार्वजनिक शौचालय व्यवस्था और स्वच्छता अभियान से आम जनता को लाभान्वित किया। मध्यप्रदेश में 17 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक सुराज अभियान में भिन्न भिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान की प्रमुख घोषणाएं

1. नवजात शिशु के माता-पिता को बच्चे् के जन्म के समय ही जन्म प्रमाण पत्र के साथ-साथ अनुसूचित जाति/जनजाति प्रकरणों में जाति प्रमाण पत्र भी प्रदाय किये जायेंगे।

2. कुछ विशिष्ट नागरिक सेवाएं जैसे – वाहनों का फिटनेस, ड्राईविंग लाइसेंस का नवीनीकरण, वाहन पंजीयन, दस्तावेजों की प्रमाणित नकल, चलित मोबाईल टॉयलेट, सैप्टिक टैंक, सीवेज सफाई, वाटर टैंक के लिए सेवाएँ निजी सेवा प्रदाताओं के माध्यम से भी प्रदाय की जायेंगी।

3. सभी विभागों में बिलों के समय पर भुगतान के लिए बिल पेमेंट की ऑनलाईन व्यवस्था लागू की जायेगी।

4. समस्त हितग्राही मूलक योजनाओं के लिए आवेदन से लेकर हितलाभ वितरण या अंशदान देने की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाईन किया जायेगा, ताकि योजना में हितग्राही चिन्हांकन तथा लाभ प्रदाय में पारदर्शिता को और बेहतर बनाया जा सके।

5. उच्च शिक्षा विभाग, विद्यार्थियों को मिलने वाली सेवाऐं जैसे – काउंसलिंग, एडमिशन, छात्रवृत्ति प्रदाय आदि को एक वर्ष में पूर्णत: ऑनलाईन करने की व्यवस्था करेगा।

6. नागरिक सेवाएं जैसे- आय, निवास प्रमाण पत्र, खसरा/भू-अभिलेख, छात्रवृत्ति, पेंशन इत्यादि सेवाओं के लिए आवेदन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यथा व्हॉट्सएप/टेलीग्राम/कू ऐप पर प्राप्त करके नागरिकों को बिना शासकीय कार्यालय आए चैटबोट के माध्यम से संबंधित ऐप पर ही सेवा ऑनलाईन प्रदाय की जाएगी।

7. समस्त सरकारी भर्तियों में चयनित अभ्यर्थियों के चरित्र सत्यापन के संबंध में वर्तमान प्रचलित प्रक्रिया सरलकरते हुए केवल शपथपत्रके आधार पर नियुक्ति एवं ज्वाईनिंग दी जायेगी।

8. मुख्यमंत्री कोविड अनुकंपा नियुक्ति योजना के अंतर्गत नियुक्ति के लिए पात्र जिन हितग्राहियों के लिए विभागों में रिक्तक पद उपलब्धा नहीं है, उनके लिए अतिरिक्त नए पदों (सांख्ये त्तेर पद) का निर्माण कर नियुक्ति आदेश जारी किए जायेंगे।

9. प्रदेश में 01 से 15 नवम्बर तक राजस्व अभिलेख शुद्धिकरण पखवाड़ा मनायेंगे।

10. नवम्बर माह में सभी हितग्राही मूलक योजनाओं की प्रक्रियाओं के सरलीकरण एवं end to end computerization के लिए अधिकारियों की दो दिवसीय कार्यशाला की जायेगी। इसके पूर्व हितग्राहियों से योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में फीडबैक लिया जायेगा तथा फीडबैक के आधार पर कार्यशाला में चर्चा कर योजनाओं की प्रक्रियाओं की बिजनेस प्रोसेस री- इन्जीनियरिंग की जायेगी।