
UPSC CSE 2025 Final Result: छत्तीसगढ़ की दर्शना सिंह ने UPSC में 383वीं रैंक हासिल की, बनेगी IPS
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के घोषित परिणाम में छत्तीसगढ़ की एक किसान की बेटी ने शानदार सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।मनेंद्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर जिले के जनकपुर की रहने वाली दर्शना सिंह ने यूपीएससी परीक्षा में 383वीं रैंक हासिल कर आईपीएस के लिए चयनित होकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। गांव के स्कूल से पढ़ाई करने वाली दर्शना सिंह की सफलता आज पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन गई है।
दर्शना सिंह जनकपुर की निवासी हैं, जो पहले ग्राम पंचायत था और अब नगर पंचायत बन चुका है। उनकी माता सीमा सिंह जनकपुर नगर पंचायत की पार्षद हैं, जबकि उनके पिता अरुण सिंह किसान हैं।

दर्शना सिंह ने अपनी शुरुआती शिक्षा से लेकर बारहवीं तक की पढ़ाई अपने गांव के स्कूल से ही पूरी की। उन्होंने गणित विषय के साथ 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने जेईई परीक्षा पास कर देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी कानपुर में प्रवेश लिया।आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की और आखिरकार यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर आईपीएस बनने का सपना साकार किया।
र्शना सिंह ने अपने पहले प्रयास में ही प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा पास कर साक्षात्कार तक पहुंचने में सफलता हासिल कर ली थी, लेकिन अंतिम सूची में उनका चयन नहीं हो पाया।
इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और दूसरे प्रयास में और अधिक मेहनत के साथ परीक्षा दी। आखिरकार उनके प्रयास रंग लाए और उन्होंने 383वीं रैंक हासिल कर आईपीएस के लिए चयन सुनिश्चित कर लिया।दर्शना सिंह ने कहा कि वह फिलहाल आईपीएस पद ज्वाइन करेंगी, लेकिन इसके साथ ही आईएएस बनने के लिए एक और प्रयास करेंगी और तीसरा अटेम्प्ट देंगी। उन्होंने कहा कि यदि आईएएस में चयन नहीं भी हो पाता है तो वह एक ईमानदार और जिम्मेदार पुलिस अधिकारी बनकर समाज की सेवा करने का प्रयास करेंगी। दर्शना सिंह का मानना है कि बिना परिणाम की चिंता किए लगातार मेहनत करने से एक न एक दिन सफलता जरूर मिलती है।





