मतदान के दिन वाहन संचालन रोक मामला: भाजपा की शिकायत पर कलेक्टर ने जारी किया नया आदेश

भोपाल में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मिल भाजपा ने इस मामले में कलेक्टर को बदले जाने की मांग भी की थी 

मतदान के दिन वाहन संचालन रोक मामला: भाजपा की शिकायत पर कलेक्टर ने जारी किया नया आदेश

भिंड से परानिधेश की रिपोर्ट

भिंड: जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव श्रीवास्तव ने मंगलवार को एक आदेश जारी करते हुए 17 नवंबर चुनाव वाले दिन सभी प्रकार के निजी वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी थी। यहां तक की दो पहिया वाहनों पर भी उन्होंने रोक लगा दी थी। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने इसपर संज्ञान लेते हुए चुनाव आयोग को शिकायत कर कहा कि यह मतदाताओं को मतदान जैसे मूलभूत अधिकारों से वंचित करने का प्रयास है। ऐसे में कलेक्टर को हटाकर नए कलेक्टर की पदस्थापना की मांग भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने चुनाव आयोग से की।

दरअसल भिण्ड जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने एक आदेश जारी कर मतदान वाले दिन अनुमति प्राप्त वाहनों को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों पर रोक लगा दी थी। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने इसे मतदाताओं के मूलभूत अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए चुनाव आयोग में शिकायत करते हुए कलेक्टर को हटाने की मांग की।

भाजपा द्वारा कहा गया कि अगर सभी वहां प्रतिबंधित कर दिए जाएंगे तो मतदाता मतदान करने कैसे पहुंचेंगे। ऐसे में यह उनके मतदान जैसे मूलभूत अधिकार से वंचित करने का प्रयास है। इसके बाद कलेक्टर ने बुधवार को नया आदेश जारी कर सभी प्रकार के वाहनों पर लगी रोक को हटा दिया है। भाजपा की शिकायत के कुछ समय के बाद ही कलेक्टर ने नया आदेश जारी कर दिया। जिसमें सभी प्रकार के वाहनों का निजी उपयोग किया जा सकेगा लेकिन चुनाव कार्यों के लिए निजी वाहनों का उपयोग नहीं किया जा सकेगा।