Weather Alert: 20 से 24 जून तक मुंबई और 21 और 22 जून को MP में भारी से भारी वर्षा के संकेत

615

Weather Alert: 20 से 24 जून तक मुंबई और 21 और 22 जून को MP में भारी से भारी वर्षा के संकेत

 

दिनेश सोलंकी की रिपोर्ट 

भारत के पूर्वी दिशा में असम और मेघालय में बादलों का चक्राकार रूप होने से यहां बांग्लादेश सहित भारत के उक्त प्रदेशों में भारी बारिश तेज हवाओं के साथ हो रही है। बादलों के चक्राकार होने से भारत के उत्तर पूर्व से आ रहे बादल तेजी से गुजर कर पूर्वी दिशा से आ रहे बादलों को बंगाल की खाड़ी की ओर धकेल रहे हैं।

दूसरी ओर महाराष्ट्र के समुद्र किनारे मुंबई तक भी बादलों का रौद्र रूप दिखाई देता है जिससे मुंबई पुणे आदि स्थानों पर आज से मानसूनी भारी बारिश की संभावना हो सकती है। मानसून यहां प्रभावी है, जिसके चलते 20 से 24 जून तक महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी से भारी बारिश होने की संभावना है।

इधर दक्षिणी राज्यों में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। आज आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का अंदेशा है उसके साथ ही कर्नाटक के शहरों में भी बारिश हो सकती है वहीं तमिलनाडु और केरल में निरंतर बारिश का माहौल चल रहा है।

बादलों का तीसरा रूप उत्तर भारत में पश्चिम की ओर से है जहां से बादलों के आने का क्रम जारी है। अगले 48 घंटे में जम्मू कश्मीर हिमाचल प्रदेश पंजाब हरियाणा दिल्ली में बारिश की संभावना है। दक्षिण राज्यों के बादल और पश्चिम भाग से आ रहे बादल मिलकर राजस्थान, मध्य प्रदेश से होते हुए हरियाणा दिल्ली और उत्तर प्रदेश छत्तीसगढ़ तक भी पहुंच रहे हैं।

मध्य प्रदेश में बादल आज भी छाए रहेंगे। इंदौर, भोपाल में घने बादल छाएंगे जबकि इंदौर उज्जैन, देवास, रतलाम, धार, झाबुआ इलाकों में बारिश की संभावना आज रहेगी। प्रदेश में इस समय पश्चिम और दक्षिण हवाएं मिलकर बादलों को सक्रिय कर रही है।

मध्य प्रदेश में यूं तो 17 जून से मानसून दस्तक दे देगा लेकिन यहां 21 और 22 जून को कई इलाकों में भारी से भारी बारिश होने का अंदेशा है। यदि मानसून में आमूलचूल परिवर्तन नहीं होता है तो उक्त संभावना सार्थक हो सकती है।