Weather Today: MP में ग्वालियर बेल्ट में तेज हवाओं संग बारिश, कल से तापमान में वृद्धि, उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में थमेगी बारिश

269

Weather Today: MP में ग्वालियर बेल्ट में तेज हवाओं संग बारिश, कल से तापमान में वृद्धि, उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में थमेगी बारिश

दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट 

Weather Today: MP में ग्वालियर बेल्ट में आज तेज हवाओं संग बारिश होने के आसार हैं। कल से तापमान में वृद्धि होगी। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में आज बारिश थमेगी।

उत्तर भारत के शीर्ष पर चल रहा चक्रवात अब पूर्वी दिशा में खिसक रहा है इसलिए लद्दाख, कश्मीर, हिमाचल में आज बारिश नहीं होकर, मौसम शांत रहेगा। केवल उत्तराखंड में बारिश की संभावना रहेगी। इधर पंजाब और राजस्थान के मध्य से बादल उतर रहे हैं जो हरियाणा और दिल्ली में तेज हवाओं से बारिश करेंगे। दो दिन बाद गर्मी फिर से उक्त राज्यों में तेवर दिखाएगी।

हवाएं ऊंची होने से उत्तर भारत के शीर्ष पर पश्चिम से पूर्व की ओर बादल चलने लगेंगे, जिससे हिमपात नहीं हो सकेगा।

मध्य प्रदेश में आज दिल्ली के रास्ते बादल ग्वालियर इलाके में तेज बारिश कर सकते हैं। आज प्रदेश के दक्षिण पूर्वी भाग से बादल गुजरेंगे। इंदौर, भोपाल बेल्ट में बादल दोपहर बाद दिखाई देंगे, बारिश की संभावना कम रहेगी।

महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, उड़ीसा, झारखंड और बंगाल में बारिश की संभावना है। बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग में भारी बारिश की संभावना है।

दक्षिण भारत में सामान्य वर्षा हो सकती है। पश्चिमी हवाओं के कारण दक्षिण में पूर्वी हवाएं कमजोर दिखाई दे रही है। 15 जून से केरल में जोरदार मानसून दस्तक देगा।