Weather Update: गर्मी से देश बेहाल, दो दिन बाद राहत की उम्मीद 

मानसून कोंकण से कुछ दूर, अब मुंबई की और बढ़ेगा 

698

New Delhi : जून के दूसरे सप्ताह में भी देशभर में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। उत्तर भारत में पहाड़ों से लेकर मैदानों तक और मध्य भारत में लू चल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 11 जून से थोड़ी राहत मिलेगी। पूरी राहत के लिए मानसून की झमाझम का इंतजार करना पड़ेगा।
देश को तर करने वाला दक्षिण-पश्चिम मानसून धीमे बढ़ रहा है। यह बीते 6 दिनों से स्थिर था। अभी यह कोंकण से कुछ दूर है। अगले दो दिनों में यह मुंबई पहुंच सकता है। इसके असर से महाराष्ट्र के कई हिस्से भीगेंगे और इसका वेग बढ़ा तो मध्यप्रदेश, गुजरात के कुछ हिस्सों को भी तर कर देगा।
IMD के मौसम वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने कहा कि दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री तक रहेगा। नया पश्चिमी विक्षोभ शनिवार-रविवार को कुछ राहत दे सकता है। दिल्ली NCR के कुछ क्षेत्रों में पारा 45 डिग्री पार कर रहा है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। स्काईमेट के अनुसार आज भी दिल्ली एनसीआर, पंजाब, उत्तराखंड, पश्चिम राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में सूरज आग बरसाएगा और लू सताएगी। बीते 24 घंटे में पंजाब, उत्तराखंड, पश्चिम राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और झारखंड के बड़े भाग में लू चली।

हरिद्वार और मसूरी झुलसे
हरिद्वार और मसूरी में भी गर्मी से बुरा हाल है। हरिद्वार में मंगलवार को 42.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजधानी देहरादून में पारा 40.2 डिग्री तक पहुंच गया तो मसूरी में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री रहा। दिन के तापमान में बढ़ोतरी के चलते माल रोड और अन्य पर्यटक स्थलों में कम संख्या में पर्यटक घूमते नजर आ रहे। मसूरी में 12 या 13 जून को हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन बड़ी राहत की संभावना कम ही है।

तीन साल बाद शिमला गरमाया
शिमला में तीन साल बाद मंगलवार सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड हुआ। वर्ष 2019 सबसे अधिक तापमान 30.5 डिग्री दर्ज हुआ था, जबकि मंगलवार को 29.4 डिग्री दर्ज हुआ।