
Weather Update: देश भर में गर्मी का पहला तड़का, होली पर अनुकूल मौसम
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
मार्च में तापमान में वृद्धि होगी और 3 से 4 मार्च के बीच पूरे देश में तापमान बढ़ेगा जो होली के त्यौहार को अनुकूल वातावरण देगा। उत्तर भारत में भी मौसम करवट लेगा। यहां अभी पंजाब, राजस्थान के रास्ते बादल दिल्ली, यूपी की ओर चलायमान हैं। 4 मार्च से श्रीनगर में अधिकतम तापमान में 4 डिग्री, पंजाब में 3 डिग्री, राजस्थान में भी 4 डिग्री, दिल्ली में 4 से 5 डिग्री तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में भी 4 मार्च से अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। इंदौर, भोपाल में 36 डिग्री, ग्वालियर में 37, जबलपुर में 36 डिग्री तक तापमान जा सकता है। लेकिन रात के तापमान में कमी भी आ सकती है इसलिए 4 मार्च की सुबह 9 बजे तक हल्की ठंड का अहसास रहेगा।
पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बढ़ने से दक्षिण महासागर में अभी पूर्वी हवाएं कमजोर हो रही हैं। इसलिए केवल केरल में बादलों के चलते बारिश की संभावना बनी रहेगी।





