
Weather Update: ग्वालियर, भोपाल, जबलपुर शीत लहर की चपेट में, इंदौर में भी असर
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
इस सीजन में पहली बार मध्य प्रदेश में अधिकतम पारे में भी गिरावट आई है। पश्चिमी हवाओं के प्रहार से जबलपुर में 23, ग्वालियर में 22, भोपाल में 24 जबकि इंदौर में 25 डिग्री तापमान हुआ है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है जबलपुर में 5, ग्वालियर में 6, भोपाल में 7, जबकि इंदौर में 9 डिग्री तापमान रहा है। आधी रात में बादलों की वजह से तापमान में उछाल भी महसूस किया गया है। मध्य प्रदेश में अभी मावठे की संभावना नहीं है, बादल जरूर ग्वालियर में नजर आएंगे, लेकिन जनवरी के दूसरे सप्ताह में मावठे की संभावना हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ से राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड और लद्दाख में बादल घने छाए हैं। यूपी जे अग्र भाग में भी असर है। ये बादल अरब देशों और ईरान से भारत की ओर अग्रसर हैं। इससे लेह में बर्फबारी और कश्मीर में बारिश की संभावना अगले 24 घंटों में हो सकती है। हिमाचल की पहाड़ियां भी हल्की बर्फबारी में घिर सकती हैं। दिल्ली से ज्यादा ठंड का असर पंजाब और यूपी में है। ठंडी हवाओं से महाराष्ट्र के उत्तरी भाग, झारखंड, बिहार, छग, तेलंगाना, उड़ीसा, बंगाल आदि राज्य भी प्रभावित हैं। ठंड जा हल्का असर कर्नाटक में भी है।
आज सुबह घने कोहरे का असर यूपी, बिहार में खासकर हुआ है। बादलों के आने से कोहरा तेजी से छंटता नजर आ सकता है। घने कोहरे का असर बंगाल की खाड़ी के मध्य और अरब सागर सहित उड़ीसा, आंध्र, तमिलनाडु में आंशिक रहा है।
दक्षिण महासागर में अब चक्रवात ग्रांट के अलावा उसके पूर्व और पश्चिम दिशा में एक एक चक्रवात भी बन रहे हैं। ग्रांट की गति आज 100 km प्रति घंटे की हो जाएगी, जबकि अन्य दो चक्रवात 35 और 30 km की गति में हैं।
संकेत चिन्ह
लाल= गरम हवाएं, नीली = ठंडी हवाएं, सफेद = कोहरा





