
Weather Update: भारत की दक्षिण – पूर्वी दिशा से मानसून ने पकड़ी रफ्तार, इंदौर- ग्वालियर- भोपाल में तेज गर्मी, शाम को बारिश के आसार
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
भारत के पूर्वी दिशा में दूर स्थित नॉर्दन मरीना आईलैंड से बादलों की रफ्तार पश्चिम की ओर चली है जो फिलीपींस से वियतनाम, कंबोडिया, अंडमान निकोबार होते हुए बंगाल की खाड़ी पहुंच रहे हैं। मानसून यहां से दक्षिण राज्यों में पहुंचकर अरब सागर की ओर बढ़ेगा।
पूर्व में उड़ीसा, आंध्रा, तेलंगाना, तमिलनाडु से लेकर पश्चिम में केरल, गोवा, महाराष्ट्र की ओर मानसून की लय बनी हुई है। महाराष्ट्र में पूर्वी हवाओं के जोर से मानसून कुछ जगह बारिश कर रहा है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी वर्षा की संभावना है।
मध्य प्रदेश में पश्चिमी भाग में बादल राजस्थान से उतर रहे हैं। उत्तर पूर्व में गर्मी असर दिखा रही है। ग्वालियर भोपाल में भी तेज गर्मी पड़ रही है इंदौर में भी तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, दोपहर बाद इंदौर सहित दक्षिण पश्चिम भाग में बादल छाएंगे कहीं-कहीं अचानक बारिश की संभावना रहेगी।
पूर्वी बादलों से गुजरात को भी हल्के बादल नसीब हो रहे हैं लेकिन बारिश की यहां संभावना नहीं है। इधर उत्तर भारत के पश्चिमी हिस्से में विक्षोभ की स्थिति चक्राकार हो रही है यह बेहद ऊंचाई पर अभी भी है और भारत के शीर्ष से गुजर रहा है इससे कुछ बादल बिखर कर राजस्थान के रास्ते मध्य प्रदेश आ रहे हैं उत्तर पूर्वी राज्यों में आज हल्की से सामान्य आंशिक रूप से कहीं-कहीं बारिश होगी।





