Weather Update: हिंद महासागर में उथल पुथल,एक साथ 4-4 चक्रवात सक्रिय, रामिल तूफान से खतरा

 2 दिन बाद MP के कई हिस्सों में बारिश की संभावना 

415

Weather Update: हिंद महासागर में उथल पुथल,एक साथ 4-4 चक्रवात सक्रिय, रामिल तूफान से खतरा

दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट 

हिंद महासागर में इस समय एक साथ चार चार और फिलिपींस में एक चक्रवात सक्रिय होने से काफी उथल-पुथल का दौर चल रहा है। इसके परिणाम मौसम की चाल को बदलते रहेंगे।

फिलिपींस के समुद्री इलाके में रामिल नामक तूफान 18 अक्टूबर से शुरू हुआ जो अभी तेजी से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वियतनाम की ओर जाएगा। यहां 24 अक्टूबर को समाप्त होगा। इसकी अधिकतम गति 130 किलोमीटर जाने की संभावना है। इसके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी में बादलों का दबाव बढ़ेगा।

इसके अलावा इन्वेस्ट 93B चक्रवात भी बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है जो 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तमिलनाडु की ओर अग्रसर है। इसी के नीचे जकार्ता के समुद्री इलाके में इन्वेस्ट 95 S चक्रवात सक्रिय है जो 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से घूम रहा है। अरब सागर के इलाके में इन्वेस्ट 92 A चक्रवात है जो 35 किलोमीटर की रफ्तार से चल रहा है इसकी दिशा अभी तय नहीं हो पा रही है लेकिन इसका प्रभाव अभी केरल की तरफ बढ़ रहा है। एक और बड़ा चक्रवात “चेंज” 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सेशल्स द्वीप के दक्षिण की ओर अग्रसर है इसकी अधिकतम गति 85 किलोमीटर तक जाएगी और 24 अक्टूबर को यह बिखर जाएगा।

भारत के मौसम की बात करें तो दक्षिण महासागर में बादलों के जमघट से आज तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक में कई इलाकों में भारी से भारी बारिश हो सकती है। यहां बादल चक्राकार स्थिति में पनप रहे हैं। अरब सागर में भी बादलों का काफी जमाव है और उसी प्रकार बंगाल की खाड़ी में भी है। इस तरह दक्षिण राज्यों में पूर्व और पश्चिम से बादलों का अच्छा खासा जमाव हो रहा है।

तमिलनाडु से बादल केरल कर्नाटक होते हुए तेलंगाना से दक्षिणी छत्तीसगढ़ उड़ीसा की ओर अग्रसर है, जहां से यह उत्तर पूर्व की ओर रुख कर रहे हैं।

मध्य प्रदेश में दो दिशाओं से बादलों का प्रवेश हो रहा है। पश्चिमी हवाओं से बादलों का आगमन राजस्थान से मध्य प्रदेश के उत्तर पश्चिम भाग में है, जबकि अरब सागर से बादल गुजरात, महाराष्ट्र होते हुए मध्य प्रदेश की ओर अग्रसर हैं। हालांकि अभी यह हल्की अवस्था में है, लेकिन दो दिन बाद यह प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश कर सकते हैं। आज भी पश्चिमी इलाके में कहीं-कहीं अचानक बारिश की संभावना नजर आ रही है।