

Weather Update : सर्दी अभी गई नहीं, नॉर्थ ईस्ट में बारिश और बर्फबारी से फिर लौटेगी!
New Delhi : यदि मौसम का मिजाज देखकर ये मान लिया जाए कि सर्दी विदा हो गई, तो ये ग़लतफ़हमी होगी। सर्दी फिर लौट रही है और उत्तर भारत में सर्दी ने अपना नया असर दिखाना भी शुरू कर दिया। मौसम विभाग ने अपडेट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, नॉर्थ ईस्ट में बारिश और बर्फबारी की संभावना है तो उत्तर प्रदेश में कोहरा छाया रह सकता है। इस तरह का मौसम अगले कुछ दिनों तक देखा जा सकता है।
ताजा जानकारी के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी बांग्लादेश में चक्रवाती हवाओं का एक घेरा है। इस वजह से अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में अगले पांच दिनों तक बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान बादल गरजेंगे, बिजली भी गिर सकती है और तेज बारिश होगी। इसके अलावा पहाड़ी राज्यों में अभी भी बर्फबारी हो रही है। इससे वहां का तापमान माइनस में पहुंच गया। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के ऊपरी हिस्सों में बर्फबारी के साथ बारिश होने का अनुमान लगाया है।
बदले मौसम में दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा
इन दिनों दिल्ली एनसीआर का मौसम साफ है। हवा की तेजी में कमी आने की वजह से इसकी क्वालिटी में गिरावट देखी गई। सुबह और शाम को हल्की सर्दी महसूस हो रही है, वहीं दोपहर में तेज धूप खिलने से सर्दी नदारद है। मौसम विभाग ने 11 फरवरी और 12 फरवरी को दिल्ली में साफ मौसम की भविष्यवाणी की है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री तक रहने का अनुमान लगाया। अगले दो दिनों तक भयंकर ठंड नहीं पड़ने की संभावना जताई गई। आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।
उत्तर प्रदेश का मौसम
सर्दी का सितम उत्तर प्रदेश में भी कम होता जा रहा है। लेकिन, आने वाले दिनों में मौसम खराब रहने की संभावना व्यक्त की गई है। 11 फरवरी को मौसम साफ है, लेकिन पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में कोहरा छाया रह सकता है। 12 फरवरी तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं, 14 फरवरी तक तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
राजस्थान, बिहार के मौसम का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार के न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो सकती है। 15 फरवरी तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होने की संभावना है। वहीं, राजस्थान में मौसम शुष्क रहने की भविष्यवाणी की गई है। हिमाचल प्रदेश में 12 फरवर। तक बारिश का भी अलर्ट है.बर्फबारी और कुछ जिलों में आंधी के साथ आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।