PDS के 22 लाख के राशन का क्या है रायसेन कनेक्शन? व्यापारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज 

310

PDS के 22 लाख के राशन का क्या है रायसेन कनेक्शन? व्यापारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज 

 

बड़वानी: जिले के खेतिया में पकड़े गए पीडीएस के 22 लाख के राशन में अब रायसेन कनेक्शन निकला है। आज व्यापारी के खिलाफ पुलिस में प्रकरण भी दर्ज कराया गया है।

 

मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के खेतिया में करीब 22 लाख रुपए के पीडीएस के राशन के अवैध भंडारण किए जाने के मामले में व्यापारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

 

जिला कलेक्टर काजल जावला ने बताया कि पीडीएस के गेहूं एवं चावल का अवैध क्रय ,विक्रय एवं संग्रहण पाए जाने पर जय इंटरप्राइजेज खेतिया के प्रोपराइटर मुकेश जोगी लाल जैन के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कराया गया है।

 

उन्होंने बताया कि खाद्य और राजस्व विभाग के संयुक्त दल ने खेतिया स्थित दो जिनिंग फैक्ट्री प्रिमाईसेस में 1197 क्विंटल गेहूं और 1751 क्विंटल चावल का अवैध भंडारण पाया था।

 

खेतिया के थाना प्रभारी सुरेंद्र कनेश ने बताया कि खाद्य आपूर्ति अधिकारी के आवेदन पर व्यापारी के खिलाफ 3/7 EC एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि गेहूं के बोरो पर रायसेन जिले के छुहार स्थित खरीदी केंद्र के मोनो पाए गए। और यह पता लगाया जा रहा है कि व्यापारी ने यह राशन कहां से खरीदा था। उन्होंने बताया कि फिलहाल व्यापारी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।

 

रायसेन कनेक्शन के बारे में खाद्य आपूर्ति अधिकारी ने भी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गेहूं के बोरों पर छुआर खरीदी केंद्र के स्टैम्प पाए गए हैं। हालांकि चावल खुले रूप में मिला था।