संजय पाठक की फर्मों से 443 करोड़ रुपए की रिकवरी कब तक होगी- जीतू पटवारी

103

संजय पाठक की फर्मों से 443 करोड़ रुपए की रिकवरी कब तक होगी- जीतू पटवारी

मुख्यमंत्री के विजयराघवगढ़ के दौरे से पहले पीसीसी चीफ ने पाठक को लेकर लिखा पत्र

भोपाल. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने मांग की है कि विजयराघवगढ़ के विधायक संजय पाठक की पारिवारिक फर्मो पर 443 करोड़ की रिकवरी है, यह कब तक वसूली जाएगी। दरअसल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 14 मार्च को विजयराघवगढ़ का दौरा प्रस्तावित है। उनके दौरे से पहले पटवारी ने उन्हें पत्र लिखकर संजय पाठक से जुड़े मामलों को फिर से सुर्खियों में ला दिया है।

पटवारी ने पत्र में लिखा कि संजय पाठक के पारिवारिक फार्मो पर 443 करोड़ रुपए की रिकवरी लंबित है। यह जानकारी विधानसभा में दी गई थी। इस राशि की वसूली कब की जाएगी और संजय पाठक को डिमांड नोटिस कब जारी होगा।

पटवारी ने आरोप लगाया कि पाठक पर लगभग 1143 एकड़ भूमि गरीब आदिवासी परिवारों के नाम पर खरीदी गई, यह बेनामी संपत्ति बताई जाती है। इस मामले में राज्य सरकार ठोस कार्यवाही कब करेगी। सहारा निवेशकों के धन से खरीदी गई लगभग 309 एकड़ जमीन के मामले में संजय पाठक के परिवार के सदस्यों एवं उनकी फर्मो के खिलाफ FIR दर्ज कर उस भूमि को कब तक अटैच किया जाएगा। नगर सुधार न्यास कटनी की योजना 15 की भूमि 311 परिवारों को आवंटित की जानी थी, इस भूमि पर अवैध कब्जे के आरोप लगे हैं। इस भूमि को नगर निगम के अधिकार में कब तक लाया जाएगा।