
Who will be Next BJP President: आज शाम को तस्वीर हो जाएगी साफ, कल सुबह कार्यसमिति की बैठक में होगी विधिवत घोषणा
भोपाल. मध्य प्रदेश भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा, यह तस्वीर आज मंगलवार की शाम तक साफ हो जाएगी। जबकि पार्टी की ओर से विधिवत घोषणा बुधवार की सुबह पार्टी की कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश चुनाव अधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान करेंगे। इस दौरान पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता यहां पर मौजूद रहेंगे।
कार्यसमिति की बैठक के लिए सभी विधायकों के साथ जिला अध्यक्ष, जिला महामंत्रियों, प्रदेश पदाधिकारियों को सूचना कर दी गई है। इधर यह लगभग तय माना जा रहा है कि बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। आज शाम को चुनाव की औपचारिता पूरी की जाएगी। जिसमें नामांकन भरा जाएगा।
ऐसा माना जा रहा है कि नामांकन के बाद शाम को 6.30तक तस्वीर साफ हो जाएगी। नामांकन शाम को 5.30 से 6.30 बजे तक भरे जाएंगे।
प्रदेश भाजपा ने अध्यक्ष के चुनाव की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए सभी 379 मतदाताओं को सूचित कर दिया है। ये सभी मंगलवार की दोपहर तक भोपाल पहुंच जाएंगे। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री द्वय जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ल सहित प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, विजय शाह, तुलसी सिलावट, एंदल सिंह कंषाना,संपत्तिया उइके, गोविंद राजपूत, नारायण सिंह कुशवाह, चेतन्य कश्यप,निर्मला भूरिया, मतदाता है। वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीरेंद्र कुमार खटीक, दुर्गादास उईके, सावित्री ठाकुर भी मतदाता है। इनके अलावा रामनिवास रावत, इमरती देवी, पूर्व विधायक प्रदीप जायसवाल, सचिन बिरला, महेंद्र सिंह सिसोदिया, प्रभुराम चौधरी भी मतदाता हैं।
हेमंत खंडेलवाल नहीं कर सकेंगे मतदान
भाजपा संगठन में प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए मतदाता में हेमंत खंडेलवाल का नाम नहीं हैं। बैतूल जिले से आठ मतदाता इस सूची में हैं। इसमें केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके का नाम हैं। इनके अलावा जिले से आदित्य बबला शुक्ला, वर्षा गाडेकर, जगदीप पंवार, सीताराम चढ़ोकार, नरेंद्र गढ़ेकर, अल्केश आर्य और गीताबाई उइके का नाम शामिल हैं।
यह है चुनाव कार्यक्रम
आज शाम 4.30 से 6.30 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। इसके बाद 6.30 से 7.30 तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। शाम 7.30 से 8 बजे तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। रात 8.30 बजे नामांकन पत्रों की अंतिम सूची की घोषणा की जाएगी। यदि इसके बाद आवश्यक हुआ तो मतदान करवाया जाएगा। इसके बाद बुधवार दोपहर दो बजे से मतगणना की जाएगी। हालांकि ऐसा माना जा रहा कि मतदान की नौबत नहीं आएगी।




