
पढ़ना जारी रखें
मतदाताओं में मोदी के प्रति बहुत सदाशयता है। मोदी ने दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति और आधुनिक टेक्नोलॉजी का उपयोग करते हुए ग़रीब वर्ग के लोगों को सामाजिक और आर्थिक योजनाओं का लाभ पहुँचाया है। देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ़्त राशन मिल रहा है। पीएम आवास योजना से निर्धनतम लोगों को भी स्वयं का मकान प्राप्त हुआ है। रसोई गैस और शौचालय निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र की निर्धन महिलाओं के जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन आया है। वंचित वर्ग के लोगों के पास बैंक खाते हो जाने से उनमें आत्मविश्वास जागृत हुआ है। केंद्र सरकार की आयुष्मान तथा अनेक योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन से एक विशाल लाभार्थी वोट बैंक मोदी ने निर्मित कर लिया है। मध्यम वर्ग के लोगों में हिंदुत्व की भावना को प्रगाढ़ किया गया है तथा राम मंदिर के निर्माण से बीजेपी के हिंदुत्व एजेंडे को विश्वसनीयता मिली है। मध्यम और उच्च मध्यम वर्ग के लोग देश के इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार से सरकार के प्रति उत्साहित हैं। एयरपोर्ट, बंदरगाह, सड़क तथा रेलवे के आधुनिकीकरण से देश की GDP तेज़ी से बढ़ा रही है तथा इसका बड़ा हिस्सा सम्पन्न वर्ग के पास जा रहा है। बिज़नेस फ्रेंडली वातावरण बनाने के प्रयासों से उद्योगपति वर्ग को अपना विस्तार करने में बहुत सहायता मिली है। मोदी एकमात्र विश्व में ऐसे लोकप्रिय नेता हैं जिन्हें अपने देश की एलीट का भी व्यापक समर्थन है।
यह प्रश्न उठता है कि यदि मोदी और उनकी पार्टी बीजेपी इतनी सशक्त है तो उसे विपक्षियों के विरुद्ध अनुपातहीन कार्रवाई करने से क्या लाभ होगा? पार्टी को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए और उसकी भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्यवाही सबको निष्पक्ष दिखनी चाहिए। जिनके ऊपर अपराध पंजीबद्ध है और वे बीजेपी पार्टी में सम्मिलित हो जाते हैं तो उनके विरुद्ध भी उसी तत्परता से कार्रवाई जारी रहनी चाहिए जितनी दूसरे विपक्षियों के विरुद्ध हो रही है। देश को मोदी के 2047 के विकसित भारत की परिकल्पना में विश्वास है। देशवासी बहुत आशा से और उमंग से भविष्य को देख रहे हैं। भविष्य निर्माण में पूरे समर्पित भाव से लगने के लिए देश में एक सामान्य सहमति तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अनिवार्यता है।