पुरानी योजनाओं को देंगे नया स्वरूप, नई योजनाएं प्रारंभ करने की घोषणा राज्यपाल और सीएम की उपस्थिति में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस मना

686

मध्यप्रदेश के 66 वें स्थापना दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रस्तुतियों ने दर्शकों को बांध लिया

भोपाल :राज्यपाल श्री मंगू भाई पटेल ने कहा कि आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें सभी प्रदेशवासी एकजुट होकर आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के लिए प्रयास करें। स्वदेशी उत्पादों का स्वयं उपयोग करें एवं दूसरों को भी प्रेरित करें।

राज्यपाल श्री पटेल ने मध्यप्रदेश में 7 करोड़ से अधिक वैक्सीनेशन होने पर सरकार को बधाई दी। उन्होंने 66वें स्थापना दिवस की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और दीपावली के पावन पर्व की भी सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी उन्होंने कहा कि सबके घर में सुख समृद्धि का वास हो प्रदेश विकास और उन्नति के नए-नए कीर्तिमान स्थापित करें। उन्होंने भारत माता की जय कार करते हुए कहा कि तेरा वैभव अमर रहे मां हम चाहे रहे या ना रहे। राज्यपाल आज यहां लाल परेड मैदान में राज्य के स्थापना दिवस के राज्यस्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लिए सरकार के साथ समाज खड़ा हो, तभी हमारा विकास का संकल्प पूरा होगा। विकास में आम जनता का सहयोग और साथ चाहिए। प्रत्येक नागरिक कोई एक कार्य हाथ में ले। पर्यावरण सुरक्षा में भी सहयोग दें। हर व्यक्ति प्रसन्नता के अवसर पर पौधा लगाएं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इस दिवाली पर आप जो सामान खरीदें ,स्थानीय उत्पाद को प्राथमिकता दें। प्रधानमंत्री मोदी जी ने भी कहा है कि इस दीपावली पर दीपक,मूर्ति आदि जो लोकल कारीगरों द्वारा बनी है,ऐसे उत्पाद ही खरीदें। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कारीगरों की दिवाली भी अच्छी बन जाए,ऐसे प्रयास करें।

आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लिए सरकार के साथ समाज का साथ आवश्यक
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्थापना दिवस समारोह में अपने संबोधन में कहा कि कठिन कोरोना काल के बाद यह आयोजन हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश के नागरिकों को स्थापना दिवस और दीपावली के पावन पर्व की बधाई दी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कोरोना से बचाव के लिए सभी को अनिवार्य रूप से दोनों डोज लगवाना है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने स्वदेशी वैक्सीन के माध्यम से जनता को सुरक्षा चक्र उपलब्ध करवाया है ,इसका उपयोग करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि विकास का प्रकाश बेमानी है यदि गरीब का घर न जगमगाए। हमारा संकल्प है कि गरीब की जिंदगी बदलेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अधिकार के साथ कर्तव्य का पालन भी करना है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में ढाई करोड़ आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। जिसके कारण प्रति व्यक्ति को पांच लाख तक का उपचार नि:शुल्क रूप से प्राप्त होता है। प्रदेश में सीएम राइज स्कूल प्रारंभ किए जाएंगे। इन स्कूलों में लेब,कम्यूारटर और स्मार्ट क्लास की व्यवस्था रहेगी। बेटियों के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना संचालित है।

बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए 25 हजार रूपए की राशि एक मुश्त दी जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सामान्य वर्ग और पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए आयोग बनाएं गए हैं। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध हो रहा है। छोटे और सीमांत किसानों को वर्ष में 10 हजार रूपए की राशि दी जा रही है।

किसानों के उत्पादन के निर्यात की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना से जिस तरह सरकार और समाज ने संयुक्त रूप से मुकाबला किया उसी तरह अब आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लिए प्रयासों की पराकाष्ठा करनी होगी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रत्येक कार्य सरकार नहीं कर सकती, आम लोगों को सहभागी बनना होगा। तभी हम समाज के प्रत्येक वर्ग की जिंदगी बदल पाएंगे।

WhatsApp Image 2021 11 01 at 10.04.11 PM 1

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विभिन्न क्षेत्रों में किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अटल एक्सप्रेस वे ,नर्मदा एक्सप्रेस वे ,नदी जोड़ो अभियान के तहत हो रहे कार्य, सिंचाई पेयजल ,विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में योजनाओं के क्रियान्वयन और सौर ऊर्जा क्षेत्र में नए प्रयासों की जानकारी दी । मुख्यमंत्री श्री चौहान ने देश के विकास में विभिन्न वर्गों के योगदान का स्मरण कर धन्यवाद दिया।

कुसुम योजना

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा के नवीन कुसुम योजना प्रारंभ होगी, जिसके अंतर्गत 2 मेगावाट के पावर प्लांट स्थापित करने के लिए स्थानीय निकायों को सहयोग दिया जाएगा। उनके द्वारा उत्पादित विद्युत को खरीदने की व्यवस्था शासन द्वारा होगी।

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना

श्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना प्रारंभ की जाएगी जो युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काफी मददगार होगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पुरानी योजनाओं को नया स्वरूप दिया जाएगा। लघु मध्यम और सूक्ष्म उद्योगों के क्षेत्र में तेजी से कार्य होगा। संबल योजना को पूरी ताकत से साथ लागू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री आवासीय भू अधिकार योजना

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा एक परिवार में सदस्यों की संख्या बढ़ जाने से समस्या होती है। इसके लिए मुख्यमंत्री आवासीय भू अधिकार योजना अंतर्गत परिवारों के सदस्यों को मकान के लिए भूखंड देकर मालिक बनाने का कार्य किया जाएगा।

नृत्य नाटिका ने दर्शकों का मन मोहा

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए । आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश की थीम पर प्रस्तुत नृत्य नाटिका ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रदेश के विकास और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लिए जनता की भागीदारी का कथ्य,सुंदर प्रकाश संयोजन, कलाकारों के उत्कृष्ट अभिनय और विशेष मंच सज्जा के साथ प्रस्तुत किया गया। करीब 300 कलाकारों ने इसमें हिस्सा लिया।

नृत्य नाटिका की प्रभावशाली प्रस्तुति पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कलाकारों को बधाई दी

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह मध्य प्रदेश के ही कलाकार हैं जिन्होंने अपनी काबिलियत को यहां प्रदर्शित किया है। सभी कलाकारों को सबके प्रोत्साहन की बहुत आवश्यकता है।

WhatsApp Image 2021 11 01 at 10.04.11 PM

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लाल परेड ग्राउंड में उपस्थित नागरिकों को मध्य प्रदेश के विकास के लिए और आत्म निर्भर मध्यप्रदेश के लिए सहयोग देने का संकल्प दिलवाया। मुख्यमंत्री श्री चौहान के आह्वान पर लोगों ने दोनों मुठ्ठी बांधकर हाथ ऊपर उठाकर आत्म निर्भर मध्य प्रदेश के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने बताया कि कोरोना काल में संस्कृति,आध्यात्म विभाग द्वारा अनेक वर्चुवल कार्यक्रम किए गए। मप्र को संवारने में सभी सहयोग दें।

नेता प्रतिपक्ष श्री कमल नाथ ने कहा आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के लिए सभी का सहयोग सरकार को प्राप्त होगा। कोरोना के बाद उत्पन्न चुनौतियों का मुकाबला कर मध्य प्रदेश को उन्नत बनाने में सहयोग देंगे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नृत्य नाटिका का निर्देशन करने वाली सुश्री मेत्रयी पहाड़ी को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नृत्य नाटिका के कलाकारों के साथ समूह छायाचित्र भी खिंचवाया।

प्रारंभ में प्रमुख सचिव श्री शिवशेखर शुक्ला ने आमंत्रित अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्कृति विभाग की गतिविधियों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने लाल परेड ग्राउंड पर राज्यपाल श्री मंगु भाई पटेल का स्वागत किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने राज्यपाल का पुष्प गुच्छ से स्वागत किया।

मध्य प्रदेश के 66 वें स्थापना दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मंच पर राज्यपाल श्री मंगु भाई पटेल, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर और अन्य अतिथि उपस्थित।

राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत हुई । मंत्रोच्चारण के साथ दीप प्रज्वलित किए गए। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी उपस्थित थे।

गायिका सुश्री सुहासिनी ने श्री महेश श्रीवास्तव द्वारा लिखित मध्य प्रदेश गान प्रस्तुत किया।

संस्कृति और जनसंपर्क विभाग के प्रमुख सचिव श्री शिवशेखर शुक्ला ने स्वागत भाषण दिया और स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की जानकारी दी।अतिथि कलाकारों द्वारा दी जाने वाली प्रस्तुति की जानकारी दी।प्रारंभ में प्रमुख सचिव श्री शिवशेखर शुक्ला ने आमंत्रित अतिथियों का स्वागत भी किया।

उपस्थित जनप्रतिनिधि

कार्यक्रम में खजुराहो सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा,भोपाल की सांसद सुश्री प्रज्ञा ठाकुर, मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ,श्री भारत सिंह , श्रीमती मीना सिंह,विधायक श्री पी सी शर्मा , पूर्व प्रोटेम स्पीकर श्री रामेश्वर शर्मा ,विधायक श्री विष्णु खत्री भी उपस्थित थे।

कलाकारों का सम्मान

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नृत्य नाटिका में शामिल कलाकारों के साथ समूह छायाचित्र खिंचवाया और निर्देशन कर रही कोरियोग्राफर मैत्रेयी पहाड़ी का सम्मान किया।