Woman Lawyer Cheated : महिला वकील को झांसा देकर दुष्कर्म, दिल्ली से पकड़ाया!

आरोपी ने खुद को संसद भवन का कर्मचारी बताकर फेसबुक से दोस्ती की!

767

Woman Lawyer Cheated : महिला वकील को झांसा देकर दुष्कर्म, दिल्ली से पकड़ाया!

Indore : खुद को संसद भवन में केंद्र सरकार का कर्मचारी बताकर इंदौर की महिला वकील से सोशल मीडिया पर दोस्ती करने के बाद दुष्कर्म करने वाले आरोपी ध्रुवसिंह लाठी को पुलिस ने संसद के बाहर स्ट्रीट थाना क्षेत्र की चाय की दुकान से गिरफ्तार किया। आरोपी को इंदौर लाकर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

टीआई पंकज त्रिवेदी के मुताबिक 35 वर्षीय हाई कोर्ट महिला वकील से दुष्कर्म के मामले में आरोपी ध्रुवसिंह को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया। ध्रुवसिंह एक मैगजीन में काम कर रहा था, जबकि वह खुद को संसद भवन में सेंट्रल गवर्नमेंट का अफसर बताता था। उसने अपनी प्रोफाइल में प्रधानमंत्री की फोटो लगा रखी थी। वहीं संसद भवन के फोटो के साथ अपनी फोटो एडिट करके कई लोगों से अफसर की तरह मिलता था।

टीआई ने बताया कि आरोपी ध्रुवसिंह को पकड़ा गया तो उसने वकीलों को बुला लिया और हंगामा करने लगा। पुलिस ने कहा कि आरोपी पर इंदौर की महिला वकील ने दुष्कर्म का आरोप लगाया। हंगामा कर रहे वकीलों को जब यहां बात पता चली तो वह शांत हो गए इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और एम वाय अस्पताल में मेडिकल कराया।

पुलिस लगातार लोकेशन निकाल रही थी

ध्रुव सिंह लाठी को लेकर पुलिस उसकी लगातार लोकेशन निकाल रही थी। कौशांबी उत्तर प्रदेश से जानकारी लगी कि इस वक्त दिल्ली में किराए के घर में रहता है। ध्रुव की लोकेशन आखिरी में संसद भवन के बाहर मिली। जिसके बाद पुलिस ने उसे एक चाय की दुकान पर पकड़ लिया गया। यहां महिला पुलिस अफसर को देखकर वह चुप हो गया। बाद में उसने खुद को मीडियाकर्मी बताया। हंगामे से बचने के लिए सीधे पुलिस उसे संसद भवन के स्थानीय थाने ले गई। यहां ध्रुव ने अपने वकीलों को बुला लिया। वकीलों ने हंगामा किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें समझाइश देकर कहा कि ध्रुव पर महिला वकील से रेप का आरोप है। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

महिला वकील को फर्जी परिचय

महिला वकील ने ध्रुव की दो साल पहले पहचान फेसबुक आईडी से हुई थी। इस दौरान उसने खुद को गवर्नमेंट का अफसर बताया था। उसने दिल्ली में लीगल एडवाइजर बनने का झांसा भी दिया। इन्हीं बातों में आकर महिला वकील उसके बहकावे में आ गई थी। इसके बाद तरह-तरह के बातें करके शादी की बात करने लगा।

ध्रुव खुद की प्रोफाइल में पार्लियामेंट में खुद को सरकारी अफसर बताकर काम करवाने ओर दिलवाने के नाम पर ठगी जैसी वारदात कर चुका है। पुलिस के मुताबिक अभी उन्होंने इंदौर के रेप केस में उसकी गिरफ्तारी की है। लेकिन, दिल्ली में गिरफ्तारी के बाद इस तरह की बात सामने आई थी। परदेशीपुरा पुलिस के मुताबिक बुधवार शाम उसे जिला जेल में दाखिल करा दिया गया है। अभी उसके अपराधों को लेकर और जानकारी निकाली जाएगी।