Youth Congress: विक्रांत भूरिया द्वारा नियुक्त 2 दर्जन से ज्यादा पदाधिकारियों को नए अध्यक्ष ने हटाया

299

Youth Congress: विक्रांत भूरिया द्वारा नियुक्त 2 दर्जन से ज्यादा पदाधिकारियों को नए अध्यक्ष ने हटाया

 

भोपाल:युवा कांग्रेस की बैठक में अनुपस्थिति रहने वाले प्रदेश पदाधिकारियों को उनके पद से हटा दिया गया है। बैठक सोमवार को हुई थी, इस बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने अनुपस्थिति रहने वाले पदाधिकारियों को लेकर आपत्ति दर्ज कराई, जिस पर अध्यक्ष मितेंद्र सिंह यादव ने बैठक में शामिल नहीं रहने वाले सभी प्रदेश महामंत्री और सचिव को हटा दिया है। अध्यक्ष के इस आदेश से करीब दो दर्जन महामंत्री और सचिव प्रदेश की टीम से बाहर हो गए हैं।

प्रदेश कांग्रेस दफ्तर में हुई बैठक में अचानक यह सवाल उठा कि बैठक होती है, लेकिन सभी लोग नहीं आते हैं, ऐसे में मितेंद्र सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश महामंत्री और प्रदेश सचिव जितने हैं, वे अपने हाथ ऊपर उठा देंगे। इस पर जो यहां पर मौजूद थे, उन्होंने अपने हाथ ऊपर कर दिए। इसके बाद अध्यक्ष ने कहा कि जो यहां पर उपस्थिति नहीं हैं, उन्हें तत्काल पद से हटाया जाता है। बताया जाता है कि ये प्रदेश महासचिव और सचिव विक्रांत भूरिया ने नियुक्त किए थे, उनके से अधिकांश को इस ऐलान के बाद हटा हुआ माना जा रहा है। जबकि कुछ पदाधिकारी चुनाव लड़ कर इन पदों पर पहुंचे हैं, वे सभी यथावत अपने पदों पर हैं।

विधानसभा अध्यक्षों ने भी जताया विरोध

कुछ दिन पूर्व विधानसभा अध्यक्षों को पद से हटाए जाने का भी बैठक में विरोध हुआ। हटाए गए कई विधानसभा अध्यक्ष इस बैठक में पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि हम काम करते हैं, इसके बाद भी हमे हटा दिया गया है। जिस पर उन्हें आश्वासन दिया गया कि जो काम करते हैं, उन्हें वापस लिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें बैठक में शामिल कर लिया गया।

*महिला कांग्रेस की समीक्षा बैठक* 

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को महिला कांग्रेस की भी समीक्षा बैठक हुई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश महिला कांग्रेस की सभी पदाधिकारियों के साथ ही जिला अध्यक्षों को बुलाया गया है। लोकसभा चुनाव में उनके काम काज की रिपोर्ट भी साथ में बुलाई गई है। इसके साथ ही महिला कांग्रेस अपने अगले कार्यक्रम भी यहां पर इन्हें बता सकती है। विभा पटेल ने बताया कि बैठक में संगठन को मजबूत करने पर ज्यादा फोकस रहेगा। हम हर जिले में मजबूत संगठन तैयार करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।