Mandsaur News: सावन प्रथम सोमवार शिवालयों में लगा रहा भक्तों का तांता, पशुपतिनाथ में हुआ मनोकामना अभिषेक

Mandsaur News: सावन प्रथम सोमवार शिवालयों में लगा रहा भक्तों का तांता, पशुपतिनाथ में हुआ मनोकामना अभिषेक

मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट

मंदसौर। कोई दो माह का श्रावण मास होने से शिव आराधना में श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से अनुष्ठान, पूजन अर्चन अभिषेक क्रम शुरू किया हुआ है।

सावन के साथ पुरुषोत्तम अधिक मास इस बार वर्षों बाद आया है। सभी मंदिरों में विशेष पूजन अर्चन हो रहा है। शिव मंदिरों, शिवालयों के साथ अद्वितीय अष्टमुखी पशुपतिनाथ महादेव, सहस्त्र लिंग मंदिर में विशेष रौनक है। प्रतिदिन आकर्षक श्रृंगार के साथ आठ मुखों की मनोहारी छटा बरबस दूरदराज के भक्तों को खींचकर ला रही है।

WhatsApp Image 2023 07 10 at 18.59.45

मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा राजस्थान, गुजरात, दिल्ली, महाराष्ट्र आदि प्रान्तों के श्रद्धालु भी पशुपतिनाथ दर्शन को पहुंच रहे हैं।

व्यवस्था की दृष्टि से मंदिर प्रबंध समिति सचिव एसडीएम शिवलाल शाक्य, प्रबंधक राहुल रुनवाल ने गर्भगृह में प्रवेश स्थगित किया है। महिलाओं पुरुषों की पृथक कतार में दर्शन कराए जा रहे हैं।

मुख्य पुजारी पंडित कैलाशचंद्र भट्ट, पंडित सुरेंद्र आचार्य, पंडित राकेश भट्ट, पंडित पुरषोत्तम जोशी सहित आचार्यों द्वारा नित नए श्रृंगार किये जा रहे। प्रातःकाल से शयन तक पूजा, आरती, पञ्चामृत अभिषेक, राजभोग, सायंकाल आरती सामुहिक रूप से बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं के समक्ष हो रही है।

देखिए वीडियो-

प्रतिदिन प्रातःकाल सत्र में प्रबंध समिति माध्यम से मनोकामना अभिषेक अनुष्ठान जारी है। सावन प्रथम सोमवार होने से सामुहिक सस्वर रुद्राभिषेक, शिव स्तुति संस्कृत विद्यापीठ आचार्य पंडित विष्णु ज्ञानी द्वारा कराई गई। वेदपाठी विद्यार्थियों ने सामूहिकता के साथ वैदिक मंत्रोच्चारण किया । सारा वातावरण शिव मय हो गया।

श्रावण मास और रिमझिम बरसात पशुपतिनाथ मंदिर परिक्षेत्र में शिवना नदी में जल प्रवाह होना सुखदायक लग रहा है।
इसके अलावा अमलेश्वर महादेव मंदिर, जागेश्वर महादेव, पिप्पली महादेव, मंशापूर्ण महादेव, धूम्टेश्वर महादेव, तापेश्वर महादेव, सिद्धेश्वर महादेव, गोपेश्वर महादेव, भूरिया महादेव, नीलकंठ महादेव, गीतेश्वर महादेव, प्रत्यक्ष आनंद महादेव आदि मंदिरों, शिवालयों में आराधना, पूजन अर्चना अभिषेक कर्म चल रहा है।

इन दिनों प्रचलित उक्ति एक लोटा जल-समस्या का हल का प्रभाव विशेष देखा जा रहा है। महिलाएं, पुरुषों के साथ युवा वर्ग भी शिव मंदिरों में जलाभिषेक कर रहे हैं।

योगगुरू एवं समाजसेवी बंशीलाल टांक ने बताया कि केशव सत्संग भवन में हरिद्वार के विद्वान संत स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के चातुर्मास प्रवचन सत्संग चल रहे हैं। वहीं जैन उपासरों में जैन संतों, विदुषी साध्वियों के प्रवचनों के क्रम चल रहे हैं।

गोवर्धन नाथ मंदिर, जगदीश मंदिर, तलाई वाले बालाजी मंदिर, बस स्टैंड बड़े बालाजी मंदिर, साई विहार बालाजी मंदिर सहित अन्य देवालयों में भी भक्ति भाव से आराधना की जा रही है।