PEB से होगी निकायों में रिक्त तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती, शासन ने बुलाई निकायों से जानकारी

687
राज्य शासन लोगो

भोपाल। प्रदेश के नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषदों में रिक्त पड़े सीधी भर्ती के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के रिक्त पदों पर प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड के माध्यम से भर्ती की जाएगी।

प्रदेश के नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषदों में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के बड़ी संख्या में पद रिक्त पड़े है। पद खाली होने के कारण निकाय पूरी क्षमता के साथ काम नहीं कर पा रहे है। इसके कारण निकायों द्वारा आम नागरिकों को दी जाने वाली मूलभूत सेवाओं की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।

आयुक्त नगरीय प्रशासन ने सभी संभागीय संयुक्त संचालकों से कहा है कि तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के निकायों में जितने भी पद रिक्त हैं उनकी जानकारी अभी तक नहीं भेजी गई है। शीघ्र जानकारी भेजी जाए ताकि प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड को प्रस्ताव भेजकर इन रिक्त पदों के लिए परीक्षाओं का आयोजन कर पदों को भरने की कार्यवाही पूरी कराई जा सके। इसमें जिला स्तरीय मॉडल रोस्टर के अनुसार आरक्षित पदों की गणना करने को कहा गया है। महिलाओं के लिए सिविल सेवा नियमों के अनुसार तीस प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू किया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के अनुसार दिव्यांगों क लिए रिक्त पदों का आरक्षण किया जाएगा। भूतपूर्व सैनिकों को तृतीय श्रेणी के लिए दस प्रतिशत और चतुर्थ श्रेणी के लिए बीस प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जाएगा।

संविदा कर्मियों के लिए बीस प्रतिशत पद आरक्षित रखे जाएंगे। रिक्त पदों की पदपूर्ति के लिए प्रस्ताव प्रेसीडेंट इन काउंसिल प्रशासक की स्वीकृति ली जाए। सीधी भर्ती के रिक्त पदों की पूर्ति नियत स्थापना व्यय की सीमा अधिकतम 65 प्रतिशत को ध्यान में रखते हुए की जाए। पीईबी द्वारा निर्धारित जानकारी का मांग पत्र, रिक्त पदों का पदवार विवरण तथा आरक्षण तालिका अनुसार प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। सीधी भर्ती के रिक्त पदों की पूर्ति के प्रस्ताव भेजने के बाद उन पदों पर अनुकंपा नियुक्ति, नियमितिकरण से पदपूर्ति नहीं की जाएगी। ये पद पीईबी परीक्षा के लिए सुरक्षित रखे जाएंगे। सभी संभाग की नगर पालिका, नगर परिषदों के प्रस्ताव एकजाई रुप से तैयार कर एक सप्ताह में अनिवार्य रुप से भेजने को कहा गया है ताकि पीईबी को भर्ती के लिए प्रस्ताव भेजे जा सके।