
RBI के खजाने से 8.70 करोड़ की सेंधमारी,नोट बक्सों में भरकर ले गया कर्मचारी!
ये सामान्य सीसीटीवी फुटेज नहीं, इसकी हकीकत जानकर दंग रह जाएंगे। ये अहमदाबाद में आरबीआई के खजाने का सीसीटीवी फुटेज है जो बैंक ऑफ बड़ौदा की ब्रांच में है। सीसीटीवी में एक कर्मचारी यूं तो कचरे के बॉक्स सफाई कर ले जा रहा है लेकिन इसमें कचरा नहीं है। इसमें हैं 8 करोड़ 70 लाख रुपए कैश। सीसीटीवी करीब 5 महीने पुराना है लेकिन हकीकत अब सामने आई है। हाल ही में जब आरबीआई ने अपने खजाने की गिनती की तो इसमें 8 करोड़ 70 लाख रुपए कम थे। ये जानकर अफसरों के होश उड़ गए। जांच पड़ताल हुई तो पता चला कि एक कर्मचारी हर्ष सिद्ध लंबी छुट्टी पर है जो सीसीटीवी में महीनों पहले ये रकम आसानी से उड़ा ले गया। चोरी करने के बाद वो 98 दिन तक सामान्य रूप से बैंक में काम करता रहा। उसे मालूम था कि सीसीटीवी फुटेज तीन महीने तक सुरक्षित रहता है। जब वो निश्चिंत हो गया कि अब न तो फुटेज बचा होगा और न ही किसी को पता चला है तो वो लंबी छुट्टी पर चला गया। उसने मकान खरीदा, बड़ी गाड़ी खरीदी। बैंक की एक महिला कर्मचारी को 23 लाख रुपए उधार भी दे दिए। कुल मिलाकर उसने चार करोड़ रुपए खर्च कर दिया। इसके बाद मनाली घूमने चला गया। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो गाड़ी में दो करोड़ से ज्यादा कैश मिला। कर्मचारी 15 साल से कार्यरत था।
बैंकों में लोग पैसा जमा करते हैं, ये सोचकर कि वहां उनका पैसा सुरक्षित रहेगा. लेकिन तब क्या हो जब, बैंक का खजाना ही लुट जाए. वह भी कोई छोटे-मोटे बैंक का नहीं, बल्कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) का. कुछ ऐसा ही मामला गुजरात के अहमदाबाद से आया है, जहां RBI के खजाने में ही चोरी हो गई. यह चोरी बैंक ऑफ बड़ौदा की एक ब्रांच में मौजूद RBI के खजाने से हुई है.
इसी बैंक के कर्मचारी ने 8.70 करोड़ की चोरी को वारदात को अंजाम दिया. 13 जनवरी को वह 2 मजदूरों के साथ सफाई के लिए RBI खजाने में गया और वहां से कचरे के बॉक्स में करोड़ों के नोट भरकर बैंक से निकल गया.
किसी को शक न हो, इसलिए ऑफिस आता रहा
खजाने में चोरी करने वाला कर्मचारी इतना शातिर था कि किसी को शक न हो, इसलिए वह लगातार ऑफिस आता रहा. उसे पता था कि CCTV की फुटेज 90 दिन बाद डिलीट हो जाती है. इसलिए चोरी के बाद 20 अप्रैल यानी करीब 98 दिनों तक ऑफिस आता रहा. फिर मेडिकल लीव लेकर लंबी छुट्टी पर फरार हो गया.





