WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home मीडियावाला ख़ास

10th Day of ASI Survey : भोजशाला सर्वे टीम में 3 नए सदस्य शामिल, बाबा कमाल की दरगाह के आसपास भी सर्वे कार्य!

1187

10th Day of ASI Survey : भोजशाला सर्वे टीम में 3 नए सदस्य शामिल, बाबा कमाल की दरगाह के आसपास भी सर्वे कार्य!

धार से छोटू शास्त्री की रिपोर्ट

Dhar : आज रविवार को 10वें दिन भी एएसआई की टीम भोजशाला पहुँची। शनिवार को टीम ने मुख्यालय से वीडियो कान्फ्रेंसिग की और कभी तक हुए सर्वे की जानकारी दी। टीम में कुछ नए सदस्य भी शामिल हुए हैं जिनमे एक महिला भी है। कल कलेक्टर भी सर्वे स्थल पर पहुंचे और जानकारी ली।

हाई कोर्ट के निर्देश पर भोजशाला में चल रहे सर्वे को जारी रखते हुए एएसआई की टीम नए उपकरणों को लेकर आज फिर 10वें दिन सुबह 6:00 बजे भोजशाला पहुंची। हिंदू पक्ष की ओर से गोपाल शर्मा, आशीष गोयल एवं मुस्लिम पक्ष की ओर से अब्दुल समद भी दाखिल हुए। कल शनिवार को सर्वे कार्य सुबह 8 बजे प्रारंभ कर दिया था और शाम 5 .30 बजे समाप्त किया।

भोजशाला मे चल रहे इस सर्वे पर पूरे देश की निगाह होने के कारण मुख्यालय द्वारा अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। इस तारतम्य मे शनिवार को एएसआई मुख्यालय ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये यहाँ किए जा रहे सर्वे कार्य की रिपोर्ट ली और सर्वे टीम को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। शनिवार को ही सर्वे टीम मे तीन नए अधिकारियों की आमद हुई। जिसमें एक महिला अधिकारी बिहार से आई है। ख़ास बात यह भी है कि इस सर्वे टीम मे दो मुस्लिम अधिकारी भी कल से टीम मे शामिल हुए और काम में भाग लिया। सर्वे टीम ने भोजशाला के गुंबद पर भी चढ़कर आवश्यक नमूने और उसके निर्माण की जानकारी प्राप्त की। टीम ने बाबा कमाल की दरगाह के आसपास भी सर्वे का कार्य किया।

दोपहर में ज़िला कलेक्टर प्रियंक मिश्र भी भोजशाला पहुँचे और उन्होंने सर्वे टीम से मुलाक़ात की। इस अवसर पर सर्वे टीम ने ज़िला प्रशासन द्वारा किए जा रहे सहयोग पर आभार भी प्रगट किया। टीम ने कलेक्टर को सर्वे कार्य की प्रगति से अवगत भी करवाया। सर्वे कार्य शुरू होने के बाद यह दूसरा रविवार है। पिछले रविवार को भी सर्वे टीम ने रविवार को अवकाश नहीं मनाया था और इस रविवार को भी टीम मुस्तेदी से सर्वे के लिये पहुँची है।